Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उन्नाव में घर से निकलीं दो लड़कियां दिल्ली से बरामद, घर जाने से किया मना तो पुलिस ने CWC भेजा

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 09:38 PM (IST)

    दो हमउम्र किशोरियां जीवन भर साथ रहने की जिद पर घर से निकल गईं, जिन्हें दिल्ली से बरामद किया गया। स्वजनों और पुलिस के समझाने के बाद भी वे घर जाने को तै ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    HighLights

    1. दो किशोरियां जीवन भर साथ रहने की जिद पर घर से निकलीं।

    2. दिल्ली से बरामद कर अचलगंज थाने लाया गया, जिद पर अड़ीं।

    3. पुलिस ने काउंसलिंग के लिए सीडब्ल्यूसी भेजा, बयान दर्ज।

    जागरण संवाददाता, उन्नाव। हमउम्र दो लड़कियां जीवन भर एक दूसरे के साथ रहने का वादा कर घर से निकल गई। खोजबीन के बाद भी पता न चलने पर स्वजन ने रिपोर्ट दर्ज कराई। सोमवार को पुलिस दिल्ली से दोनों को बरामद कर थाना लाई। दोनों एक साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं। पुलिस व स्वजन के समझाने के बाद भी नहीं मानी। पुलिस ने फिलहाल न्यायालय में कलमबंद बयान के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।

    यह है पूरा मामला

    अचलगंज क्षेत्र के बेथर चौकी क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी की गांव से सात किमी दूर नेवरना चौकी क्षेत्र रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी से गहरी दोस्ती थी। दोनों ने जीवन भर एक साथ रहने का फैसला किया और 23 जुलाई को घर से बिना बताए निकल गईं। 16 वर्षीय किशोरी के बहनोई दिल्ली में रहते हैं। इस पर दोनों दिल्ली चली गईं।

    इधर, दोनों किशोरियों के लापता होने पर उनके स्वजन ने पुलिस को लापता होने की तहरीर दी। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दोनों की बरामदगी के प्रयास शुरू किए।

    इसी बीच 16 वर्षीय किशोरी ने दिल्ली में रहने वाले बहनोई को फोन कर पूरी बात बताई और अपनी दोस्त के साथ जीवन भर साथ रहने की जिद की।

    बहनोई ने उनकी बात समझी और स्वजन से इसके बारे में बात करने की बात कह अपने पास बुलाया। इस पर दोनों किशोरी बहनोई के घर पहुंच गईं। बहनोई सोमवार को दोनों को लेकर अचलगंज थाना पहुंचा। यहां किशोरियों ने फिर से साथ रहने की जिद पकड़ ली। स्वजन के समझाने पर भी वह घर जाने को तैयार नहीं हुई।

    एसओ सुब्रत त्रिपाठी ने बताया कि दोनों के कलमबंद बयान कराए गए हैं। अभी बयान का अवलोकन नहीं हुआ है। काउंसलिंग के लिए दोनों किशोरियों को बाल कल्याण अधिकारी के समक्ष पेश किया गया है।

    बताया कि बेथर चौकी क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी के पड़ोस में रहने वाली दूसरी किशोरी नेवरना क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी के साथ पढ़ती थी। जिससे 16 वर्षीय किशोरी का अक्सर बेथर आना-जाना रहता था। इसी दौरान दोनों किशोरियों की आपस में दोस्ती हो गई।

    खबरें और भी