प्रेम में नाकाम युवक ने वाराणसी में खुद को लगाई आग, युवती बनाती रही वीडियो
प्रेम में असफल एक युवक ने वाराणसी के मंडुवाडीह में खुद को आग लगा ली, जिसका वीडियो युवती ने बनाया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को पुलिस ने अस्पताल में भर्त ...और पढ़ें
HighLights
युवक ने प्रेम में नाकाम होने के बाद खुद को आग लगाई।
युवती ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में बनाया।
गंभीर रूप से झुलसा युवक अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्रेम में नाकाम एक युवक ने मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के जागृति नगर कॉलोनी में 20 जुलाई 2026 को खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इस दर्दनाक घटना का वीडियो युवती ने अपने मोबाइल में बना लिया। आग से गंभीर रूप से झुलसे युवक को पुलिस ने इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार जागृति नगर निवासी इंद्रजीत साहनी पुत्र बोरी साहनी पड़ोस में रहने वाली एक युवती से एकतरफा प्रेम करता था। युवती और उसके परिजनों ने कई बार इंद्रजीत के प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। इससे आहत होकर इंद्रजीत ने सोमवार दोपहर युवती के घर के बाहर पहुंचकर बोतल से अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया और आग लगा ली।
युवक का आरोप था कि उसका अपने पड़ोस की युवती से प्रेम प्रसंग लगभग आठ वर्षों से चल रहा था और किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने पर वह लड़की को दिया हुआ मोबाइल, कपड़ा और पैसा वापस मांग रहा था। इसके बाद बात बढ़ गई और दोनों में विवाद होने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस को मिले वीडियो में देखा जा सकता है कि इंद्रजीत ने पहले अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़का और फिर माचिस जलाकर खुद को आग लगा ली।
आग लगते ही वह युवती के घर मे घुस गया और चीखते-चिल्लाते इधर-उधर भागने लगा और युवती खड़ी होकर पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाती रही। आग और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्होंने आग बुझाकर इंद्रजीत को बचाया।
खबरें और भी
सूचना पर पहुंची मंडुवाडीह पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से झुलस चुके इंद्रजीत को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा भेजा। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कस्बा चौकी प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और युवती से वीडियो बरामद कर लिया गया है। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि इंद्रजीत ने खुद अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाई है।