यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
CM Yogi in Varanasi: सीएम योगी ने पूर्वांचल में फूंका लोकसभा चुनाव का बिगुल, विपक्ष के काम पर उठाए सवाल
CM Yogi in Varanasi सीएम योगी ने कहा कि इस नए भारत में यहां सुरक्षा की गारंटी है संस्कृति का संवर्धन किया जा रहा है देश आर्थिक समृद्धि का कीर्तिमान गढ ...और पढ़ें

जागरण टीम, वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वांचल में लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए शनिवार को आजमगढ़, जौनपुर, चंदौली का सघन दौरा किया। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में अंधकार युग था। हर तरफ अविश्वास का माहौल था, भारतीयों का गिरता सम्मान, घोटालों की लंबी श्रृंखला, अराजकता, नक्सलवाद और उग्रवाद भारत की नियति बन चुकी थी। आज आप जिस भारत को देख रहे हैं, वह नया भारत है।
सीएम योगी ने कहा कि इस नए भारत में यहां सुरक्षा की गारंटी है, संस्कृति का संवर्धन किया जा रहा है, देश आर्थिक समृद्धि का कीर्तिमान गढ़ रहा है। आजादी के शताब्दी वर्ष में विकसित भारत की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी की गारंटी देते हुए योगी ने कहा कि गरीबों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के दिया जा रहा है।
आजीविका हो रही है पुख्ता
सीएम योगी ने कहा कि सरकार समाज के हाशिए पर खड़े लोगों की आजीविका की पुख्ता व्यवस्था कर रही है। पीएम मोदी के अगले कार्यकाल में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। मुख्यमंत्री ने चंदौली और जौनपुर में 1642 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद जनसभाओं को संबोधित किया। विपक्ष पर जात पात की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उन्हें परिवार मोह से ग्रस्त बताया।
उन्होंने कहा कि पहले श्रीराम का नाम लेने पर डंडे पड़ते थे। आज लोग अयोध्या पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर रहे हैं। नया भारत प्रधानमंत्री मोदी के सच हुए सपनों का परिणाम है। यही कारण है कि जौनपुर में 35,00 करोड़ रुपये का निवेश आ रहा है। हर जनपद में अटल आवासीय विद्यालय खोले जा रहे हैं।
खबरें और भी
चंदौली में 743 करोड़ की परियोजनाएं की समर्पित
सीएम योगी ने कहा कि जौनपुर में 899 करोड़ रुपये की 256 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया और नईगंज तिराहा स्थित पार्क में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने चंदौली में 743 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद बाबा कीनाराम मेडिकल कालेज जनता को समर्पित किया।
विकास के पथ पर अग्रसर चंदौली
रामपुर मचिया गांव की जनसभा में सीएम योगी ने कहा कि चंदौली विकास के मार्ग पर अग्रसर है और अब यह आकांक्षात्मक नहीं, विकसित जनपद होगा। चंदौली 27 साल पहले जिला बना था। पिछली सरकारों ने तहसील भवन दिया न पुलिस लाइन। आज सिविल लाइन के अंदर आवासीय भवन के शिलान्यास के लिए लोग मौजूद हैं। यहां जिला अदालत के भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हो गई है और हाई कोर्ट से अनुमति मिलते ही काम शुरू हो जाएगा। योगी ने मंच से ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपा।
आजमगढ़ में पीएम के दौरे की तैयारियों की समीक्षा की
सीएम योगी ने दिन में सबसे पहले आजमगढ़ के मंदुरी में नवनिर्मित एयरपोर्ट की तैयारियों की समीक्षा की। मंदुरी एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय व आजमगढ़ एयरपोर्ट के साथ देशभर के 15 हवाईअड्डों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। पीएम जनसभा को भी संबोधित करेंगे और लगभग 34,676.29 करोड़ रुपये की कुल 782 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।