दिल्ली में मौसम खराब होने से हैदराबाद और बागडोगरा का विमान पहुंचा बनारस, यात्री को हुई परेशानी
दिल्ली में खराब मौसम के कारण बुधवार शाम अकासा एयर की दो उड़ानें वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डायवर्ट की गईं। हैदराबाद-दि ...और पढ़ें

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा। जागरण
HighLights
दिल्ली में खराब मौसम से दो विमान डायवर्ट हुए।
अकासा एयर की उड़ानें वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरीं।
कुल 373 यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। दिल्ली में मौसम खराब होने के चलते बुधवार की शाम दो विमानों को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डायवर्ट करना पड़ा। दोनों उड़ानें अकासा एयर की थीं, जिन्हें सुरक्षा कारणों से वाराणसी में उतारा गया। पहली उड़ान क्यूपी 1407 हैदराबाद से दिल्ली जा रही थी, जिसमें कुल 195 यात्री सवार थे।
यह विमान रात 8:18 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा और पार्क किया गया। वहीं, दूसरी उड़ान क्यूपी 1808 बागडोगरा से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। इस विमान में 178 यात्री सवार थे। ये विमान रात 8:25 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंड हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में अचानक मौसम खराब होने के चलते दोनों विमानों को वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ के झोंके का प्रभाव पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान, वर्षा करा सकता है। शुक्रवार से इधर भी हवा की गति थोड़ी तेज हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ गरज-चमक हल्की बूंदाबांदी व ओलावृष्टि भी हो सकती है।
यह भी पढ़ें- मीरजापुर सड़क हादसा: पति-पत्नी और बेटी की मौत का खौफनाक वीडियो वायरल, चार दिन पहले हुई थी घटना
ग्रामीण कृषि मौसम सेवा भू-भौतिकी विभाग बीएचयू के नोडल अधिकारी प्रो.रवि शंकर सिंह व तकनीकी अधिकारी (मौसम वैज्ञानिक) शिव मंगल सिंह ने बताया कि मौसम के पूर्वानुमान के आधार पर शुक्रवार व शनिवार को बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। दिन के समय हवा की गति सामान्य से अधिक हो सकती है। इन दो दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जनपदों में गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है।