बनारस में मानसून की जोरदार एंट्री: मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है, बनारस में शुक्रवार को करीब 38 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के लिए 11 जुलाई तक भारी बार ...और पढ़ें

शाम को अचानक हुई बरसात के दौरान जिला मुख्यालय पर भींगते नजर आया युवक। जागरण
HighLights
बनारस में शुक्रवार को करीब 38 मिमी बारिश दर्ज।
पूर्वी यूपी के लिए 11 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी।
अगले दो दिन भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली की संभावना।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुकी हैं, जिसके प्रभाव से अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश का दौर जारी है। बनारस में भी शुक्रवार को करीब 38 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी भाग के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो अगले 24 घंटों में धीरे-धीरे कमजोर हो सकता है। साथ ही, गंगानगर, हिसार से लेकर उत्तर प्रदेश में गोरखपुर, मुजफ्फरनगर और पूर्णिया होते हुए मिजोरम और बंगाल की खाड़ी तक मानसून ट्रफ गुजर रही है। इस मजबूत सिस्टम के कारण पूरे राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पूर्वी प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी है, 11 जुलाई तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आकाशीय बिजली गिरने और आंधी-तूफान की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, 11 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आ सकती है, जिसके लिए बारिश का 'येलो अलर्ट' भी जारी किया गया है।
हफ्ते के मध्य से बारिश की रफ्तार में आएगी कमी
बनारस में पिछले 24 घंटों के दौरान जोरदार बारिश दर्ज की गई है। सुबह तक 37.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि शाम को भी एक मिलीमीटर बारिश हुई। बरसात की वजह से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
अधिकतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री कम यानी 33.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम यानी 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर (आर्द्रता) सुबह के समय 94 प्रतिशत तक पहुंच गया था।
खबरें और भी
गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना
फिलहाल, अगले दो दिनों तक आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक और तेज बिजली के साथ भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। तापमान 24 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। हफ्ते के मध्य से बारिश की रफ्तार में थोड़ी कमी आएगी। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दिन में एक या दो बार हल्की से मध्यम बारिश या वज्रपात की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे उमस बढ़ने की भी संभावना है।