Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    वसंत पंचमी पर बाबा विश्वनाथ का तिलकोत्सव, बड़ी शीतलाधाम से आएगा चढ़ावा

    Updated: Thu, 22 Jan 2026 09:59 AM (IST)

    काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के तिलकोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। वसंत पंचमी पर शुक्रवार को रेड़ गाड़ कर होलीकोत्सव और बाबा के विवाहोत्सव का श्रीग ...और पढ़ें

    वसंत पंचमी पर काशी की लोकपरंपरा अनुसार चढ़ेगा बाबा का तिलक। जागरण

    वसंत पंचमी पर काशी की लोकपरंपरा अनुसार चढ़ेगा बाबा का तिलक। जागरण

    HighLights

    1. बसंत पंचमी पर बाबा विश्वनाथ के तिलकोत्सव का आरंभ।

    2. पहली बार बड़ी शीतला माता मंदिर से आएगा चढ़ावा।

    3. यह महाशिवरात्रि विवाह अनुष्ठानों की शुभ शुरुआत है।

    जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के तिलकोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। वसंत पंचमी पर शुक्रवार को एक ओर विधि-विधान से रेड़ गाड़ कर होलीकोत्सव का आरंभ होगा तो दूसरी बाबा की तिलक के साथ विवाहोत्सव का श्रीगणेश हो जाएगा। इस बार विशेष यह कि टेढ़ी नीम स्थित महंत आवास पर पहली बार दशाश्वमेध स्थित सिद्धपीठ बड़ी शीतला माता मंदिर के महंत परिवार की ओर से चढ़ावा-सगुन आएगा।

    काशी की लोकपरंपरानुसार वसंत पंचमी पर टेढ़ीनीम स्थित श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के महंत आवास पर बाबा की पंचबदन चल प्रतिमा का विधि-विधानपूर्वक तिलकोत्सव किया जाता है। महाशिवरात्रि पर काशी में विभिन्न स्थानों से विवाह बरात निकलती है। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में विवाह का मड़वा सजता है। बाबा पूरी रात जागते हैं। रात्रि पर्यंत अलग-अलग रस्मों के रूप में चार पहर की आरती होती है। भक्तों को लगातार 46 घंटे बाबा के दर्शन होते हैं। रंगभरी एकादशी पर गौना बरात के साथ महोत्सव का समापन होता है।

    इस तरह काशी में वसंत पंचमी केवल ऋतुराज के स्वागत का पर्व नहीं, यह बाबा विश्वनाथ के सगुन और मांगलिक अनुष्ठानों की शुरुआत का प्रतीक मानी जाती है। इस वर्ष तिलकोत्सव की रस्म सिद्धपीठ बड़ी शीतला माता मंदिर निभाएगा। उपमहंत अवशेष पांडेय (कल्लू महाराज) ने बताया कि काशी की लोकपरंपरा के अनुसार प्रत्येक वर्ष किसी न किसी काशीवासी परिवार द्वारा बाबा विश्वनाथ के तिलकोत्सव का दायित्व निभाया जाता है।

    यह भी पढ़ें- वाराणसी में रिटायर्ड रेलकर्मी को डिजिटल अरेस्ट कर 23 लाख की साइबर ठगी, मनी लांड्रिंग में शामिल होने बताकर दिखाया गिरफ्तारी का डर

    इस वर्ष यह सौभाग्य बड़ी शीतला माता मंदिर महंत परिवार को प्राप्त हुआ है। गुरुवार को तिलकोत्सव से संबंधित सामग्री बड़ी शीतला माता मंदिर से बांसफाटक स्थित धर्म निवास परिसर स्थित श्रीयंत्र पीठम् लाई जाएगी। यहीं से शुक्रवार को सायंकाल शुभ समय पर तिलकोत्सव के लिए सगुन श्रीमहंत शिवप्रसाद पाण्डेय ‘लिंगिया महाराज’ के नेतृत्व में टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास तक वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक वाद्य यंत्रों के बीच जाएगा।

    खबरें और भी

    तिलकोत्सव से पूर्व महंत आवास पर परिवार की वरिष्ठ सदस्य मोहिनी देवी के सानिध्य में अंकशास्त्री वाचस्पति तिवारी 11 वैदिक ब्राह्मणों के साथ बाबा की पंचबदन प्रतिमा का विशेष पूजन करेंगे। शुभ लग्नानुसार विश्वनाथ मंदिर में होने वाली सप्तर्षि आरती से पहले बाबा का तिलकोत्सव किया जाएगा।