विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव में तीसरे दिन सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा की जीत, दोनों सीटों पर सपा का कब्जा

By abhishek sharma Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 29 Oct 2026 05:12 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 29 Oct 2026 05:37 PM (GMT+05:30)

सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा के केदारनाथ सिंह को लगभग 20 हजार मतों से ...और पढ़ें

वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव में सपा के आशुतोष सिन्हा की शानदार जीत, भाजपा को मिली हार।

वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव में सपा के आशुतोष सिन्हा की शानदार जीत, भाजपा को मिली हार।

HighLights

  1. सपा के आशुतोष सिन्हा ने स्नातक एमएलसी सीट जीती।

  2. भाजपा के केदारनाथ सिंह को 20 हजार वोटों से हराया।

  3. सपा ने वाराणसी की दोनों एमएलसी सीटों पर कब्जा किया।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) के अंतर्गत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए चल रही मतगणना तीन दिनों की मैराथन प्रक्रिया के बाद गुरुवार शाम को पूरी हो गई। इसी के साथ ही स्‍नातक और श‍िक्ष‍क दोनों की सीटों पर समाजवादी पार्टी की कब्‍जा हो गया। 

भारी उलटफेर और रोमांचक मुकाबले के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार केदारनाथ सिंह को करीब बीस हजार मतों के अंतर से शिकस्त दी। इस अंतिम और निर्णायक परिणाम के सामने आने के बाद से ही सपा खेमे में जश्न का माहौल है, जबकि मूसलाधार बारिश के बावजूद मतगणना स्थल के बाहर कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया।

यह भी पढ़ें : वाराणसी से आशुतोष सिन्हा की जीत पर सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह, ढोल-नगाड़ों पर थिरके समर्थक, प्रमाण पत्र का इंतजार

ashu1

55 हजार से अध‍िक वोट पाकर दर्ज की बड़ी जीत
निर्वाचन आयोग से प्राप्त अंतिम आंकड़ों के अनुसार, वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के इस कड़े चुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आशुतोष सिन्हा को कुल 55 से अध‍िक वैध मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 35 हजार से कुछ अध‍िक मतों से संतोष करना पड़ा। इस प्रकार सपा प्रत्याशी ने लगभग बीस हजार मतों के अंतर के साथ इस प्रतिष्ठित सीट पर समाजवादी पार्टी का परचम लहरा दिया।

वाराणसी की पहड़िया मंडी स्थित लाल बहादुर शास्त्री नवीन मंडी स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती का दौर तीन दिनों तक चला। बुधवार को पांचवें दौर की गिनती के दौरान कुछ तकनीकी और राजनीतिक खींचतान के चलते लगभग तीन घंटे तक काउंटिंग प्रभावित रही थी, जिसके बाद प्रशासन के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य हुई और आधी रात के बाद पुनः गिनती तेजी से आगे बढ़ाई गई।

यह भी पढ़ें : वाराणसी स्‍नातक के भाजपा उम्‍मीदवार ने स्‍वीकारी हार, समर्थकों के प्रति जताया आभार, कहा- 'जनसेवा का संकल्प रहेगा जारी'

ashu2

भाजपा खेमे में छाई मायूसी, केदारनाथ सिंह ने स्वीकार की हार
गुरुवार को मतगणना के तीसरे दिन जैसे-जैसे रुझान समाजवादी पार्टी के पक्ष में स्पष्ट होने लगे, भाजपा शिविर में मायूसी छा गई। सुबह होते ही मतगणना स्थल के बाहर भाजपा समर्थकों के टेंट उखड़ने शुरू हो गए थे।

इस बीच, भाजपा उम्मीदवार केदारनाथ सिंह ने गुरुवार की सुबह सोशल मीडिया पर एक खुला संदेश साझा करते हुए वाराणसी खंड के समस्त मतदाताओं का आभार जताते हुए लिखा, "जनादेश को मैं पूर्ण विनम्रता एवं लोकतांत्रिक मर्यादा के साथ स्वीकार करता हूं। यद्यपि इस चुनाव में हमें अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं हो सकी, तथापि आप सभी का स्नेह और विश्वास मेरे लिए सदैव अमूल्य रहेगा। राजनीति सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प है।"

यह भी पढ़ें : वाराणसी में स्नातक एमएलसी पर‍िणाम में सपा को बढ़त, कार्यकर्ताओं में उत्साह, ढोल-नगाड़ों पर थिरके

वाराणसी की दोनों एमएलसी सीटों पर समाजवादी पार्टी का कब्जा
खास बात यह है कि प्रधानमंत्री के गृहक्षेत्र वाराणसी में शिक्षक और स्नातक—दोनों ही विधान परिषद सीटों पर समाजवादी पार्टी ने अपना कब्जा जमा लिया है। इससे दो दिन पूर्व ही शिक्षक एमएलसी पद के चुनाव में सपा के लाल बिहारी यादव ने शानदार जीत दर्ज की थी, और अब स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा की जीत ने सोने पर सुहागा का काम किया है।

परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित होने के बाद विजेता प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने अपनी इस सफलता को पार्टी के हर एक कार्यकर्ता की मेहनत का नतीजा बताया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह जीत जनता की बुनियादी समस्याओं और नीतियों की जीत है।

ashu3

अंतिम परिणाम घोषित होने के समय वाराणसी में मौसम का मिजाज बदला और झमाझम बारिश शुरू हो गई। हालांकि, खराब मौसम और बारिश भी समाजवादी पार्टी के जोश को ठंडा नहीं कर सकी। मतगणना स्थल से बाहर बड़ी संख्या में एकत्र हुए समर्थक ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर जीत की बधाइयां देते नजर आए। समर्थकों ने इस जीत को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए एक मजबूत राजनीतिक संकेत बताया है।

यह भी पढ़ें : वाराणसी स्‍नातक एमएलसी की मतगणना में सपा जीती, भाजपा उम्‍मीदवार बोले - अपेक्षित सफलता नहीं म‍िली

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।