वाराणसी में फर्जी सेना अधिकारी बनकर सात साल तक किया महिला का शोषण, दुष्कर्म के साथ ठगी का आरोपी दिल्ली से पकड़ाया
वाराणसी पुलिस ने एक व्यक्ति को दिल्ली से गिरफ्तार किया है, जिसने सात साल तक खुद को सेना अधिकारी बताकर एक महिला का यौन शोषण और धोखाधड़ी की। आरोपी ने फर ...और पढ़ें

फर्जी सेना अधिकारी बनकर महिला से ठगी और दुष्कर्म करने वाला दिल्ली से गिरफ्तार।
HighLights
फर्जी सेना अधिकारी बनकर महिला का यौन शोषण किया।
सात साल तक धोखाधड़ी कर महिला से पैसे ऐंठे।
आरोपी शिवभूषण शुक्ला दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा, फर्जी पहचान और धमकी देकर महिला का यौन शोषण करने के आरोप में एक वांछित अभियुक्त को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले सात वर्षों से खुद को सेना का अधिकारी बताकर महिला के संपर्क में था और कथित रूप से धोखाधड़ी कर उससे रुपये भी ऐंठता रहा।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा में वांछित अभियुक्त शिवभूषण शुक्ला (33), निवासी विशुनपुर रामापुर, थाना ज्ञानपुर (भदोही), हाल पता चिराग दिल्ली, नई दिल्ली, को एसआईटी और सर्विलांस टीम ने एक अगस्त को हनुमान मंदिर पार्क, चिराग दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली में टैक्सी चालक है। उसने पीड़िता से 'रोहित राणा' नाम और खुद को सेना का अधिकारी बताकर पहचान बनाई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अलग-अलग काल्पनिक व्यक्तियों के नाम से भी महिला से व्हाट्सएप पर बातचीत की और विभिन्न बहानों से उससे रुपये लिए। आरोप है कि उसने नशीला पदार्थ देकर महिला के साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसी आधार पर धमकाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस के अनुसार, जब पीड़िता को आरोपी की वास्तविक पहचान का पता चला और उसने मुकदमा दर्ज कराने की बात कही, तब आरोपी फरार हो गया। सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर दिल्ली में गिरफ्तार किया गया। आरोपित को वाराणसी लाकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। दिल्ली से पकड़े जाने के बाद अब जेल भेजा जा रहा है।