अब परिषदीय और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का भी होगा सेफ्टी ऑडिट, यूपी में 2250 विशेषज्ञ संभालेंगे कमान
उत्तर प्रदेश के परिषदीय और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा के लिए सेफ्टी ऑडिट होगा, जिसमें 2250 विशेषज्ञ शामिल होंगे। वर्षा ऋतु में ज ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
उच्च न्यायालय के आदेश पर यूपी स्कूलों में सेफ्टी ऑडिट
टाइम्सप्रो नियुक्त, 2250 विशेषज्ञ सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे
छात्रों के लिए वर्षा ऋतु में विशेष सुरक्षा व स्वच्छता अभियान
जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्रदेश के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में अध्यनरत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सेफ्टी ऑडिट होगी। यह कार्रवाई उच्च न्यायालय लखनऊ में जनहित याचिका में पारित आदेशों के अनुपालन में की जा रही है।
राज्य स्तर पर निविदा प्रक्रिया पूरी करते हुए बेन्नेट कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड (टाइम्सप्रो) को सेफ्टी ऑडिट के लिए कार्यदायी एजेंसी नियुक्त किया गया है। विद्यालयों की सुरक्षा जांच के लिए प्रत्येक जनपद में दो स्तरों पर विशेषज्ञ टीमें तैनात की जाएंगी।
डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (डीपीएमयू) में प्रत्येक जिले में एक डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट मैनेजर और एक आइटी व एमआइएस एक्सपर्ट की तैनाती होगी। इसकेे अलावा, स्कूल ऑडिट टीम (एसएटी) में प्रत्येक जिले में 10-10 सिविल व स्ट्रक्चरल इंजीनियर, 10 फायर व इलेक्ट्रिक सेफ्टी एक्सपर्ट और 10 फील्ड ऑडिटर व डिजास्टर एक्सपर्ट तैनात किए जाएंगे। पूरे प्रदेश स्तर पर कुल 2250 विशेषज्ञों की टीम ऑडिट कार्य संभालेगी।
कार्यदायी संस्था द्वारा सेफ्टी ऑडिट के लिए तैनात की जाने वाली टीमों के ओरिएंटेशन और प्रशिक्षण के लिए राज्य भर में विभिन्न केंद्र बनाए गए हैं। बनारस, प्रयागराज, आगरा, लखनऊ और बरेली जैसे प्रमुख केंद्रों पर चरणबद्ध तरीके से ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
खबरें और भी
महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने संबंधित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जनपद स्तर पर तकनीकी अधिकारियों को नामित कर इस कार्यक्रम में प्रतिभागिता सुनिश्चित कराएं, ताकि विद्यालयों की इमारतों, बिजली, अग्निशमन तंत्र और आपदा प्रबंधन से जुड़ी कमियों को दूर कर बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार किया जा सके।
वर्षा ऋतु में परिषदीय विद्यालयों की सुरक्षा और स्वच्छता को चलेगा अभियान
परिषदीय विद्यालयों में वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव, संक्रामक रोगों एवं अन्य सुरक्षा जोखिमों से छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को बचाने के लिए विशेष सफाई एवं सुरक्षा अभियान चलाने के निर्देश मिले हैं।
बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बारिश के मौसम में नमी, जलभराव और गंदगी के कारण मच्छरजनित व जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही परिसर में फिसलन और जर्जर संरचनाओं से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शौचालयों, रसोईघर और छतों पर जमा सूखे पत्तों व अपशिष्टों की सफाई की जाएगी ताकि जलभराव न हो। स्थानीय स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से एंटी-लार्वा छिड़काव व फागिंग कराई जाएगी। अगस्त के प्रथम सप्ताह में बैठक के दौरान अभियान की समीक्षा भी की जाएगी।