Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    इबोला वायरस को देखते हुए वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हाई अलर्ट, यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग 

    Updated: Sat, 30 May 2026 10:31 AM (IST)

    इबोला वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। यात्रियों की थर्मल स्क्र ...और पढ़ें

    एयरपोर्ट स्वास्थ्य संगठन और एयरपोर्ट निदेशक के संयुक्त समन्वय में बैठक। जागरण

    एयरपोर्ट स्वास्थ्य संगठन और एयरपोर्ट निदेशक के संयुक्त समन्वय में बैठक। जागरण

    HighLights

    1. वाराणसी हवाई अड्डे पर इबोला खतरे के कारण हाई अलर्ट।

    2. अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग अब अनिवार्य कर दी गई।

    3. संदिग्ध यात्रियों को आइसोलेट कर सैंपल पुणे भेजे जाएंगे।

    जागरण संवाददाता, बाबतपुर, (वाराणसी)।  इबोला वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा इबोला प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किए जाने के बाद शुक्रवार को एयरपोर्ट पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की गई। एयरपोर्ट स्वास्थ्य संगठन और एयरपोर्ट निदेशक के संयुक्त समन्वय से हुई इस बैठक में अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के प्रतिनिधि, इमिग्रेशन विभाग, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

    बैठक में विदेशी उड़ानों से आने वाले यात्रियों की सख्त निगरानी, स्वास्थ्य स्क्रीनिंग प्रोटोकाल को और कड़ा करने तथा आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई। यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य कर दी गई है। यदि किसी यात्री में बुखार, सिरदर्द, उल्टी या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत आइसोलेट कर निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकाल के तहत अस्पताल पहुंचाया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- वाराणसी में जानलेवा बनता जा रहा तंबाकू, छह साल में तीन गुना बढ़े मुख कैंसर के मरीज

    संदिग्ध सैंपल पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट आफ वायरोलाजी भेजे जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राजेश प्रसाद ने बताया कि एयरपोर्ट समेत पूरे जिले में विदेश से लौटने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इबोला प्रभावित देशों से आने वाले लोगों के लिए 21 दिनों तक सेल्फ-मानिटरिंग अनिवार्य कर दी गई है। जिला स्वास्थ्य विभाग ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिलास्तरीय अस्पतालों को संदिग्ध मरीज मिलने पर तत्काल आइसोलेशन और सैंपलिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दे दिए हैं।

    होटलों, गेस्ट हाउसों और मेडिकल कालेजों में भी संबंधित प्रोटोकाल लागू कर दिए गए हैं। आमजन से अपील की कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनें, हाथ नियमित धोएं और लक्षण दिखने पर घर से बाहर न निकलें।

    खबरें और भी