Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अब रात में और भी अलौकिक दिखेगी काशी, काल भैरव समेत 20 धार्मिक स्थलों पर लगेंगी हाईटेक फसाड लाइट

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

    काशी के 20 प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर 16.93 करोड़ रुपये की लागत से फसाड लाइटिंग की जाएगी। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    HighLights

    1. काशी के 20 स्थलों पर 16.93 करोड़ की फसाड लाइटिंग।

    2. परियोजना से रात में बढ़ेगी काशी की धार्मिक-पर्यटन सुंदरता।

    3. सामग्रियों पर तीन, लाइट फिक्स्चर पर पांच साल की वारंटी।

    अरुण कुमार मिश्र, वाराणसी। काशी के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को रात के समय और अधिक आकर्षक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के विद्युत वृत्त ने 16.93 करोड़ रुपये की लागत से वाराणसी के प्रमुख मंदिरों, घाटों और पर्यटन स्थलों पर फसाड लाइटिंग कराने के लिए निर्देश जारी किया है।

    इस परियोजना के तहत भारत माता मंदिर, दुर्गा मंदिर, काल भैरव मंदिर, संकट मोचन, अन्नपूर्णा मंदिर, अस्सी घाट, पंचगंगा घाट, दशाश्वमेध घाट समेत 20 प्रमुख स्थलों को आधुनिक रोशनी से सजाया जाएगा। कार्य पूरा करने की अवधि 12 माह निर्धारित की गई है। कार्य यूपीपीडब्ल्यूडी, सीपीडब्ल्यूडी और पर्यटन विभाग की ताजा जानकारी के अनुरूप कराया जाएगा।

    दो बार निरस्त होने के बाद तीसरी बार जारी हुई निविदा

    परिषद ने निर्माण एजेंसी के लिए गुणवत्ता को लेकर भी कड़े प्रविधान किए हैं। कार्य में प्रयुक्त सभी सामग्रियों की तीन वर्ष तथा फसाड लाइट में उपयोग होने वाले लाइट फिक्स्चर की पांच वर्ष की वारंटी देना अनिवार्य होगा। खराबी आने पर संबंधित फर्म को तत्काल बदलने या मरम्मत कराने की जिम्मेदारी निभानी होगी।

    संबंधित कार्य के लिए प्रतिस्पर्धात्मक दरें नहीं मिलने के कारण दो बार निविदा प्रक्रिया निरस्त होने के बाद विभाग ने तीसरी बार टेंडर जारी किया। सात अगस्त को तकनीकी बोली में तीन लोगों ने आवेदन किया है। बताया गया कि 15 अगस्त से पहले कार्य का निर्धारण पात्र आवेदक को कर दिए जाने की उम्मीद है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- काशी हिंदू विश्वविद्यालय के दंत चिकित्सा विज्ञान संकाय में पैर की फिबुला हड्डी से बनाया इंसान का नया जबड़ा


    काशी नगरी के उज्ज्वल विकास की खींची गई रूपरेखा

    • काशी के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आधुनिक फसाड लाइटिंग
    • मंदिरों और घाटों की रात्रिकालीन सुंदरता में होगा बड़ा इजाफा
    • पर्यटकों को मिलेगा आकर्षक नाइट व्यू, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा
    • ऊर्जा दक्ष एवं आधुनिक प्रकाश व्यवस्था से विरासत स्थलों की पहचान होगी मजबूत
    • तीन वर्ष तक रखरखाव और पांच वर्ष की वारंटी से गुणवत्ता सुनिश्चित होगी
    • परियोजना पूरी होने के बाद काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक छवि को नई चमक मिलेगी

    नगर के प्रमुख 20 स्थलों पर फसाड लाइटिंग का कार्य किया जाएगा। सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है। सात अगस्त को तकनीकी बोली में तीन लोगों ने आवेदन किया है। 15 अगस्त से पहले से अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। इसके बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

          धीरेंद्र प्रताप, अधिशासी अभियंता, विद्युत वृत्त, उप्र शहरी आवास एवं विकास परिषद, लखनऊ