वाराणसी में स्कूल नामांकन में लापरवाही पर 315 प्रधानाध्यापकों को नोटिस, 10 बीईओ का वेतन रुका
वाराणसी में स्कूल चलो अभियान के तहत शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य पूरा न होने पर 315 प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी किया गया है। लापरवाही के चलते 10 ब्ल ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
कम नामांकन पर 315 प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी।
10 ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों का जुलाई माह का वेतन रोका गया।
रामनगर ब्लॉक में नामांकन का प्रतिशत सबसे कम दर्ज हुआ।
संग्राम सिंह, वाराणसी। स्कूल चलो अभियान के तहत शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका है। परिषदीय विद्यालयों में छात्र नामांकन बढ़ाने के सरकारी प्रयासों में लापरवाही उजागर हुई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान 20 से कम नवीन नामांकन कराने वाले करीब 315 परिषदीय स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इसके साथ ही, इस लचर प्रदर्शन को लेकर जिले के 10 ब्लाक शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) का जुलाई माह का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही चेतावनी दी है कि संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर प्रधानाध्यापकों और अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। कुछ स्कूलों में नए दाखिलों की संख्या दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी।
मसलन-बड़ागांव ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय नकटी में सिर्फ दो और हरहुआं ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय सेमलपुर में महज एक नए बच्चे का दाखिला हुआ है। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय बिठौली (हरहुआं) में पांच, प्राथमिक विद्यालय दुर्गाकुंड-2 (नगर क्षेत्र) में चार और प्राथमिक विद्यालय भोजूवीर-2 (नगर क्षेत्र) में केवल पांच नवीन नामांकन दर्ज किए गए हैं।
लापरवाही को देखते हुए विभाग ने दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की रूपरेखा तैयार कर ली है। नोटिस में कहा गया है कि बार-बार दिए गए निर्देशों और समीक्षा बैठकों के बावजूद ब्लाकों में नामांकन प्रक्रिया में भारी शिथिलता बरती गई है। अधिकारियों द्वारा अपेक्षित गंभीरता और प्रभावी अनुश्रवण नहीं किया गया, जिसके कारण प्रगति अत्यंत असंतोषजनक रही।
94.54 प्रतिशत नामांकन, रामनगर ब्लाक की स्थिति सबसे खराब
जिले में सत्र 2026-27 के लिए अब तक कुल 94.54 प्रतिशत नामांकन ही हो सका है, इसमें सबसे खराब स्थिति रामनगर ब्लाक की रही, जहां पिछले वर्ष के सापेक्ष मात्र 59.81 प्रतिशत (2424 के मुकाबले 2177) नामांकन हुआ है। वहीं, नगर क्षेत्र 91.44 प्रतिशत और चिरईगांव 93.03 प्रतिशत की प्रगति के साथ काफी पीछे हैं।
खबरें और भी
अन्य ब्लाकों में हरहुआ में 93.56 प्रतिशत, पिंडरा में 93.87 प्रतिशत, आराजीलाइन में 94.98 प्रतिशत, चोलापुर में 95.83 प्रतिशत, काशीविद्यापीठ में 95.63 प्रतिशत, बड़ागांव में 96.01 प्रतिशत तथा सेवापुरी में सबसे अधिक 97.35 प्रतिशत नामांकन दर्ज किया गया है। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण और नामांकन में अपेक्षित सुधार होने के बाद ही वेतन अवमुक्त करने पर विचार किया जाएगा।