वाराणसी में बदलेगा मौसम का मिजाज, पछुआ होगी मंद, तीन दिनों तक बढ़ेगा तापमान
Varanasi Weather Today: वाराणसी में अगले तीन दिनों तक पछुआ हवा की गति मंद पड़ेगी, जिससे दिन का तापमान बढ़ेगा और सुबह-शाम की ठंड कम होगी। भारतीय मौसम व ...और पढ़ें

तीन दिन बाद फिर एक पश्चिमी विक्षोभ लाएगा थोड़ा बदलाव। जागरण
HighLights
पछुआ हवा मंद पड़ेगी, तापमान में होगी वृद्धि।
अगले तीन दिनों तक दिन गर्म, सुबह-शाम ठंड कम।
पश्चिमी विक्षोभ से हल्की ठंड, बदली व कोहरे की संभावना।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। Varanasi Weather Today: फगुनहटा बहने लगा है, तीन दिनों से धरातल पर चल रही तेज पछुआ हवा के प्रभाव से पेड़ों के पत्ते झड़ने लगे हैं, वसंत की मादकता घुलने लगी है। पतझड़ के साथ ही नए पत्तों की कोंपलें भी फूटने लगी हैं। खेतों में सरसों फूल गई है, कवि पद्माकर के शब्दों मे कहें तो, ‘बीथिन में ब्रज में नबेलिन में बेलिन में, बनन में बागन में बगरो बसंत है’ लेकिन सोमवार से सर-सर बहती तेज पछुआ हवा की गति मंद पड़ने वाली है।
भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के विज्ञानियों का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों तक पछुआ की गति मंद पड़ेगी और तापमान क्रमश: चढ़ता जाएगा। इससे दिन गर्म होगा और ठंडी शाम-सुबह व रात के शीत में भी कमी आएगी। हालांकि तीन दिनों बाद आने वाला एक पश्चिमी विक्षोभ स्थिति को फिर बदल देगा और बुधवार से फिर ठंडी हवा, बदली, कोहरे की धुंध मौसम में शीत का प्रभाव थोड़ा बढ़ा सकती है। हालांकि मौसम वासंती बना रहेगा।
बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो.मनोज कुमार श्रीवास्तव बताते हैं कि कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने के कारण 2-3 दिनों मेें तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- वाराणसी एयरपोर्ट प्रशासन का बड़ा फैसला: 1 साल के लिए रात की उड़ानों पर लगाई रोक, सामने आई वजह
सुबह-शाम पड़ रही ठंड का प्रभाव भी कुछ कम हो जाएगा। एक पश्चिमी विक्षोभ जो अभी पाकिस्तान के ऊपर है दो-तीन दिनों तक इधर पहुंच सकता है, उसका तेज प्रभाव तो तराई की तरफ मुड़ सकता है लेकिन हल्का प्रभाव बनारस और अन्य पूर्वी जनपदों पर पड़ने से तापमान में गिरावट आएगी। बदली या कोहरे की धुंध छा सकती है, हवा की गति बढ़ सकती है। इन सबके बावजूद कंपकंपाने वाली ठंड नहीं होगी, मौसम में मधुर सिहरन बनी रहेगी।
रविवार सुबह से तेज पछुआ बह रही थी और तेज धूप खिली हुई थी। इसके चलते बीएचयू क्षेत्र में अधिकतम तापमान बीते 24 घंटे की अपेक्षा 1.4 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया और सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक 28.5 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। न्यूूूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली सी कमी दर्ज की गई और यह सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
खबरें और भी
बाबतपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़ा और सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 26.5 रहा। न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री कम होकर सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे 10.2 रहा। इस बीच 12 से 20 किमी प्रतिघंटा की गति से हवा चलती रही।