प्रेमी के घर प्रेमिका ने किया हंगामा, शादी का दावा कर पकड़ी साथ रहने की जिद, चोलापुर का मामला
चोलापुर में एक युवती अपने प्रेमी के घर पहुंची और शादी का दावा करते हुए साथ रहने की जिद करने लगी, जिसके बाद पांच घंटे तक हंगामा चला।

HighLights
प्रेमी के घर पहुंची युवती ने शादी का दावा किया।
परिवार ने युवती को घर में प्रवेश से रोका, हंगामा हुआ।
पुलिस ने शिकायत पर दोनों पक्षों को थाने बुलाया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक युवती अपने प्रेमी के घर पहुंचकर उसके साथ रहने की जिद करने लगी।
युवती ने आरोप लगाया कि करीब चार वर्ष पूर्व उसने मंदिर में प्रेमी के साथ शादी की थी। अब प्रेमी और उसके स्वजन शादी से इनकार कर रहे हैं। विरोध करने पर युवती को घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया और बाहर निकालकर गांव के ही एक व्यक्ति के तबेले में बैठा दिया गया।
करीब पांच घंटे तक चले विवाद के बाद युवती ने 1090 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही चोलापुर थाने पहुंचकर प्रेमी और उसके स्वजन के खिलाफ तहरीर दी।
यह है पूरा मामला
युवती के अनुसार, उसका युवक से पिछले करीब आठ वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा है। उसने आरोप लगाया कि 10 दिसंबर 2022 को मंदिर में प्रेमी ने उससे शादी की थी। इसके बाद वह उसके साथ पति-पत्नी की तरह संबंध रखता रहा, लेकिन अब शादी को स्वीकार करने और उसे अपने घर में रखने से इनकार कर रहा है।
बुधवार दोपहर युवती प्रेमी के घर पहुंची और खुद को उसकी पत्नी बताते हुए ससुराल में रहने की बात कहने लगी। इसको लेकर प्रेमी और उसके स्वजन से विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि स्वजन ने उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया और बाहर निकालकर गांव के ही आलोक सिंह के तबेले में बैठा दिया। काफी देर तक दोनों पक्षों में विवाद और कहासुनी होती रही।
मामला बढ़ने पर युवती ने 1090 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और शाम को चोलापुर थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने उसकी तहरीर लेकर उसे पिता के साथ घर भेज दिया।
देर शाम पुलिस प्रेमी के घर भी पहुंची और दोनों पक्षों को गुरुवार सुबह थाने बुलाया।थाना प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम ने दोनों पक्षों को गुरुवार सुबह थाने बुलाया है। आरोपों की जांच और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
