अल्मोड़ा में जंगलों में आग लगाने वालों पर शिकंजा, दो थानों में एफआईआर
अल्मोड़ा जिले में लगातार बढ़ रही वनाग्नि की घटनाओं पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमेश्वर और धौलछीना थानों में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर् ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। जिले में लगातार बढ़ रही वनाग्नि की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जंगलों और नाप भूमि में आग लगाने वालों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया है। सोमेश्वर और धौलछीना क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं को लेकर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
राजस्व उप निरीक्षक पाखुड़ा द्वारा कोतवाली सोमेश्वर में दी गई तहरीर के अनुसार 20 मई को शैल-सिरकोट-कफड़खान मोटर मार्ग से लगी जंगलात की भूमि में आग लग गई थी। संयुक्त निरीक्षण में पाया गया कि आग जंगल क्षेत्र से फैलते हुए ग्राम जोशयाना के नाप खेतों तक पहुंची। मामले में वन क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा द्वारा भी संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई का आग्रह किया गया है।
प्राथमिकी दर्ज
उच्चाधिकारियों के मौखिक निर्देश के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, दूसरी ओर धौलछीना थाना क्षेत्र में तोली, बीना व बरतोली नाप भूमि में लगातार आग लगाए जाने की घटनाओं ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
जागेश्वर वन क्षेत्र के अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि बढ़ते तापमान के बीच कुछ शरारती तत्व जानबूझकर आग लगा रहे हैं, जिससे आरक्षित और सिविल वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
वन विभाग ने पुलिस प्रशासन से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। प्रशासन ने लोगों से भी जंगलों और खेतों में आग न लगाने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है।