अल्मोड़ा में SSB की बड़ी कार्रवाई: सीमा पर पकड़ी 54 लाख की जाली करेंसी, मानव तस्करों के चंगुल से 52 पीड़ित मुक्त कराए
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने भारत-नेपाल व भूटान सीमा पर 54.74 लाख की नकली भारतीय और 8.09 लाख की विदेशी मुद्रा जब्त की है। बल ने 52 मानव तस्करी पीड़ितों को मुक्त कराया और 136 तस्करों को गिरफ्तार कर 41.87 किग्रा मादक पदार्थ भी पकड़ा।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
54.74 लाख नकली भारतीय, 8.09 लाख विदेशी मुद्रा जब्त।
52 मानव तस्करी पीड़ित मुक्त, 32 तस्कर गिरफ्तार किए गए।
136 तस्करों से 41.87 किग्रा मादक पदार्थ बरामद।
संवाद सहयोगी, रानीखेत (अल्मोड़ा)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) भारत नेपाल व भूटान अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा के साथ ही नक्सल विरोधी अभियानों में भी बखूबी जिम्मेदारी निभा रहा है। जम्मू कश्मीर की आंतरिक सुरक्षा हो, चुनाव, अमरनाथ यात्रा अथवा आपदाकाल में राहत एवं बचाव कार्य, बल के जांबाज अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं। अब तक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एसएसबी मानव तस्करों के चंगुल से 52 पीड़ितों को मुक्त करा चुका है और 32 तस्कर भी दबोचे गए हैं।
वहीं भारतीय अर्थव्यवस्था में सेंध की साजिश को नाकाम कर 54.74 लाख नकली भारतीय व 8.09 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा जब्त की जा चुकी है।
इसी कर्तव्य परायणता के लिए सीमांत मुख्यालय के 18 अधिकारियों व कार्मिकों को महानिदेशक गोल्डन व सिल्वर डिस्क तथा 11 को महानिदेशक प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया है।
आईजी एसएसबी अमित ने गिनाई सीमा पर तैनात एसएसबी के जांबाजों की उपलब्धियां
यह बात सीमांत मुख्यालय गनियाद्योली में आईजी अमित कुमार ने रविवार की शाम प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल व भूटान सीमा पर अब तक मानव तस्करी के 45 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। सीमांत मुख्यालय के जांबाजों ने 116 मामलों में कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर विदेशी व भारतीय नकली मुद्रा पकड़ी है। वहीं 136 तस्करों को गिरफ्तार कर 41.87 किग्रा मादक पदार्थ भी जब्त किया गया।
यह भी पढ़ें- UP Weather: आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, लखनऊ सहित 40 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बरसात
भारत नेपाल व भूटान सीमा पर 32 मानव तस्कर दबोच 52 पीड़ित मुक्त कराए
आईजी ने कहा कि देश की आंतरिक व वाह्य सुरक्षा के साथ ही एसएसबी सामाजिक गतिविधियों में भी हिस्सा ले रहा है। सुदूर सीमावर्ती क्षेत्रों में मानव और पशु चिकित्सा शिविर लगा कौशल विकास कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी उत्कृष्ट सेवा, प्रदर्शन व कर्तव्यपरायणता के लिए सीमांत मुख्यालय के 18 अधिकारियों व कार्मिकों को महानिदेशक गोल्डन व सिल्वर डिस्क तथा 11 को महानिदेशक प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया है।

