अल्मोड़ा में गोरक्षा के नाम पर क्रूरता: बिना पंजीकरण खेत में बनाई दो गोशाला, भूख से दम तोड़ रहे जानवर
अल्मोड़ा के द्वाराहाट में मां दूनागिरि गोरक्षा मिशन ट्रस्ट की दो बिना पंजीकरण वाली गोशालाओं में 145 गाय-बछड़े ठूंसे गए थे। ...और पढ़ें

द्वाराहाट के रतखाल स्थित गोशाला में मवेशियों के स्वास्थ्य की जांच करती पशुपालन विभाग की टीम। जागरण
HighLights
द्वाराहाट में बिना पंजीकरण चल रही थीं दो गोशालाएं
करीब 145 गोवंश ठूंसे गए, 10 से अधिक की मौत
चारा व अव्यवस्था के कारण मवेशी मरणासन्न स्थिति में
संवाद सूत्र, द्वाराहाट (रानीखेत)। गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की वकालत के बीच गोवंश की बेकद्री भी चरम पर है। अनुदान व कमाई के लालच में बेजुबानों की जान दांव पर लगाई जा रही।
दूनागिरि के रतखाल स्थित गोरक्षा मिशन ट्रस्ट ने बिना पंजीकरण खेत में दो गोशाला खोलकर वहां करीब 145 गाय-बछड़े ठूंस रखे थे।
अव्यवस्था व चारे के अभाव में करीब 10 से अधिक मवेशी दम तोड़ चुके हैं और कई मरणासन्न स्थिति में हैं।
राजस्व विभाग के निरीक्षण में बदहाली सामने आने के बाद अब एसडीएम ने पूरे मामले में जांच बैठा दी है।
रतखाल क्षेत्र में मां दूनागिरि गोरक्षा मिशन ट्रस्ट के नाम से दो लोगों के खेतों में गोशाला चलाई जा रही है। इनमें करीब 145 गाय व बछिया-बछड़े ठूंसे गए हैं। चारे की कमी से कई गोवंशी दम तोड़ गए।
मृत मवेशियों को जहां-तहां फेंके जाने और गगास नदी किनारे दफनाए जाने पर मामला खुला। एसडीएम सुनील कुमार राज के निर्देश पर रविवार को राजस्व उपनिरीक्षक अभिनव कुमार पुलिस के साथ जांच को पहुंचे।
क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि व अन्य सामाजिक कार्यकर्ता भी साथ में रहे। वहां के दृश्य देख हर कोई हैरान रह गया। चारों ओर दुर्गंध फैली थी। भूखे मवेशियों का शरीर हड्डियों का ढांचा नजर आ रहा था।
हमारे पास मां दूनागिरि गोरक्षा मिशन ट्रस्ट से संबंधित कोई जानकारी नहीं थी। इसलिए उसका सत्यापन भी नहीं हो रहा था। मौके पर जरूरत से ज्यादा मवेशी गोशाला में रखे मिले। भरपेट चारा नहीं मिलने से ही उनकी मौत हुई होगी। मवेशियों को चिन्हित कर कुछ की टैगिंग कर ली गई है। शेष कार्य सोमवार से शुरू करेंगे।
डा. महेंद्र कुमार मौर्य, प्रभारी, पशु चिकित्सा अधिकारी
यह भी पढ़ें- बठिंडा में गोवंश तस्करी का भंडाफोड़, नाके पर रोकने के बजाय तस्कर ने दौड़ाई कैंटर; पीछा कर पुलिस ने दबोचा
यह भी पढ़ें- MP के स्टेट हाईवे होंगे गोवंश मुक्त, हर 5 किमी पर बनेगी गोशाला; सरकार ला रही नई SOP