बठिंडा में गोवंश तस्करी का भंडाफोड़, नाके पर रोकने के बजाय तस्कर ने दौड़ाई कैंटर; पीछा कर पुलिस ने दबोचा
बठिंडा में गौ सुरक्षा सेवा दल की सूचना पर पुलिस ने एक कैंटर से 10 गोवंश बरामद किए। वाहन में सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया गया है। ...और पढ़ें

पुलिस की तरफ से पकड़ा गया कैंटर।
HighLights
बठिंडा में पुलिस ने गोवंश तस्करी का भंडाफोड़ किया।
एक कैंटर से 10 गोवंश बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार।
गौ सुरक्षा सेवा दल की सूचना पर हुई यह कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा जिले में गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गौ सुरक्षा सेवा दल की सूचना पर पुलिस ने एक कैंटर से 10 गोवंश बरामद किए हैं। वाहन में सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोवंश को कहां से लाया गया था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार गौ सुरक्षा सेवा दल के जिला नेता भूपिंदर सिंह को सूचना मिली थी कि एक कैंटर में गोवंश को भरकर पंजाब से बाहर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए दल के सदस्यों ने संबंधित क्षेत्र में निगरानी शुरू कर दी। टोल प्लाजा के पास संदिग्ध वाहन के पहुंचने की आशंका के चलते टीम पहले से सतर्क थी।
कुछ देर बाद संदिग्ध कैंटर वहां पहुंचा तो उसे रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी गति बढ़ा दी और मौके से भागने का प्रयास किया। इसके बाद गौ सुरक्षा सेवा दल के सदस्यों ने वाहन का पीछा किया। कुछ दूरी पर कैंटर को रुकवाकर उसकी जांच की गई।
यह भी पढ़ें- बठिंडा में ऊंची आवाज में डेक बजाने को लेकर हुआ विवाद, खेत में घेरकर युवक की बेरहमी से हुई हत्या; आरोपी फरार
तंग परिस्थितियों में बांधे गए थे गोवंश
जांच के दौरान कैंटर के भीतर 10 गोवंश बरामद हुए। आरोप है कि सभी गोवंश को बेहद तंग परिस्थितियों में वाहन के भीतर रखा गया था। इसके बाद दल के सदस्यों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
खबरें और भी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कैंटर को अपने कब्जे में ले लिया। वाहन में सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जहां उनके भोजन, पानी और देखभाल की व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़ें- पटियाला में कार का पीछा करते हादसे का शिकार हुए थाना प्रभारी, दीवार से टकराई गाड़ी; संदिग्ध मौके से फरार
तीन के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि गोवंश को किस स्थान से लाया गया था, उनका अंतिम गंतव्य क्या था और इस कथित तस्करी में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी बड़े नेटवर्क या अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं गौ सुरक्षा सेवा दल ने इस कार्रवाई को गोवंश संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।