Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बठिंडा में ऊंची आवाज में डेक बजाने को लेकर हुआ विवाद, खेत में घेरकर युवक की बेरहमी से हुई हत्या; आरोपी फरार

    Updated: Thu, 09 Jul 2026 04:45 PM (IST)

    बठिंडा के गांव घुम्मन कलां में डेक की ऊंची आवाज को लेकर चल रहे विवाद में खेत में युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने तीन नामजद और अन्य अज्ञात आरोपितों के ...और पढ़ें

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    HighLights

    1. बठिंडा में ऊंची आवाज में डेक बजाने पर विवाद।

    2. खेत में युवक राजिंदर सिंह की घेरकर हत्या की गई।

    3. पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज।

    जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा जिले के गांव घुम्मन कलां में ऊंची आवाज में डेक बजाने को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि खेत में काम कर रहे एक युवक को उसके पड़ोसियों ने कथित रूप से घेरकर तेजधार हथियारों और लाठियों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों सहित दो से तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है।

    थाना मौड़ पुलिस को दिए बयान में गांव घुम्मन कलां निवासी गुरदीप सिंह ने बताया कि वह अपने भाई राजिंदर सिंह और चाचा जगतार सिंह के साथ खेत में काम करने गया था। सुबह के समय राजिंदर सिंह किसी काम से उनसे कुछ दूरी पर चला गया। इसी दौरान गांव के रहने वाले राजदीप सिंह, मग्घर सिंह, करनैल सिंह तथा उनके साथ दो से तीन अन्य व्यक्ति वहां पहुंच गए।

    यह भी पढ़ें- पटियाला में कार का पीछा करते हादसे का शिकार हुए थाना प्रभारी, दीवार से टकराई गाड़ी; संदिग्ध मौके से फरार

    युवक को घेर कर पीटा

    शिकायतकर्ता के अनुसार सभी आरोपित तेजधार हथियारों और लाठियों से लैस थे। उनके हाथों में कस्सियां, लोहे की रॉड और डंडे थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर राजिंदर सिंह को चारों ओर से घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खेत में गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसके कानों से भी खून निकलने लगा था।

    गुरदीप सिंह और जगतार सिंह ने शोर मचाकर बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इसके बाद गंभीर रूप से घायल राजिंदर सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

    खबरें और भी

    पुलिस ने जांच की शुरू

    घटना की सूचना मिलते ही थाना मौड़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मृतक और आरोपित पक्ष आपस में पड़ोसी हैं और दोनों परिवारों के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था।

    परिजनों का आरोप है कि आरोपित अक्सर ट्रैक्टर पर अत्यधिक ऊंची आवाज में डेक बजाते थे। इसका विरोध करने पर पहले भी कई बार दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हो चुका था। परिवार का कहना है कि उसी पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

    यह भी पढ़ें- मुक्तसर हेरोइन तस्करी मामले में मुंशी के बाद चौकी इंचार्ज नामजद, जांच शुरू; गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

    आरोपी फरार, छापेमारी जारी

    थाना मौड़ के प्रभारी इंस्पेक्टर तरनदीप सिंह ने बताया कि मृतक के भाई के बयान के आधार पर तीन नामजद तथा दो से तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है और पुलिस का दावा है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- अमृतसर देहात में नाके की ड्यूटी छोड़ शराब के नशे में सोता मिला SHO, निरीक्षण पर पहुंचे DIG; तुरंत किया निलंबित