Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुक्तसर हेरोइन तस्करी मामले में मुंशी के बाद चौकी इंचार्ज नामजद, जांच शुरू; गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

    Updated: Thu, 09 Jul 2026 03:39 PM (IST)

    280 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में पुलिस ने घुबाया चौकी के इंचार्ज को भी नामजद किया है। इससे पहले चौकी के मुंशी समेत तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। आर ...और पढ़ें

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    HighLights

    1. मुक्तसर में 280 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले की जांच तेज।

    2. घुबाया चौकी इंचार्ज गुरनाम सिंह को मामले में नामजद किया।

    3. आरोपित इंचार्ज फरार, पुलिस गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी।

    जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। श्री मुक्तसर साहिब में दो सौ अस्सी ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ अब पुलिस विभाग के एक और अधिकारी पर शिकंजा कस गया है। थाना सदर पुलिस ने पहले घुबाया चौकी के मुंशी हेड कांस्टेबल जोगिंदर सिंह समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। अब जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर घुबाया चौकी के इंचार्ज गुरनाम सिंह को भी मामले में नामजद कर लिया गया है।

    पुलिस का कहना है कि आरोपित अधिकारी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मुक्तसर के पुलिस उपाधीक्षक बचन सिंह ने बताया कि रविवार देर रात पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी।

    इसी दौरान जलालाबाद रोड से फत्तनवाला की ओर जाते समय गांव बधाई के निकट सड़क किनारे एक सफेद रंग की कार खड़ी दिखाई दी। देर रात संदिग्ध परिस्थिति में वाहन खड़ा होने पर पुलिस ने उसमें बैठे तीन लोगों से पूछताछ की, लेकिन वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

    यह भी पढ़ें- अमृतसर देहात में नाके की ड्यूटी छोड़ शराब के नशे में सोता मिला ASI, निरीक्षण पर पहुंचे DIG; तुरंत किया निलंबित

    तलाशी में मिली 280 ग्राम हेरोइन

    पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन और तीनों व्यक्तियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो सौ अस्सी ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए लोगों की पहचान चक पालीवाला निवासी जोगिंदर सिंह, जो पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात था और घुबाया चौकी में मुंशी के रूप में कार्यरत था, मलोट निवासी अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श तथा गोनियाना रोड निवासी दिलशेर सिंह उर्फ लाडी के रूप में हुई।

    पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मादक पदार्थ कानून के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान घुबाया चौकी के इंचार्ज गुरनाम सिंह की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। इसी आधार पर पुलिस ने उन्हें भी मामले में नामजद कर लिया।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- बठिंडा की महिला सरपंच के पति की आत्महत्या मामले में 8 पर केस दर्ज, उकसाने के लगे आरोप; सभी आरोपी फरार

    गुरनाम सिंह अभी फरार 

    पुलिस उपाधीक्षक बचन सिंह ने बताया कि गुरनाम सिंह फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मादक पदार्थ तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

    उधर, फाजिल्का पुलिस के अनुसार गुरनाम सिंह पिछले तीन दिनों से चौकी में भी ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। साथ ही उन्हें चौकी प्रभारी के पद से हटाकर घुबाया चौकी का नया इंचार्ज अभिषेक शर्मा को नियुक्त कर दिया गया है।

    यह भी पढ़ें- पंजाब: खाकी की आड़ में हेरोइन बेचता सब इंस्पेक्टर साहिब सिंह, तरनतारन में 300 ग्राम हेरोइन और ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार