उत्तराखंड के सोमेश्वर रेंज में भीषण जंगल की आग, कई गांवों में भारी नुकसान; देर रात काबू
अल्मोड़ा के सोमेश्वर रेंज में भीषण जंगल की आग ने कई गांवों को प्रभावित किया, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ। ...और पढ़ें
HighLights
सोमेश्वर रेंज के कई गांवों में भीषण आग लगी
ग्रामीणों और फायर फाइटर्स ने मिलकर आग बुझाई
भनाराठ में परिवारों का घास-लकड़ी का भंडार जला
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। सोमेश्वर रेंज के तहत बले, पच्चीसी, क्वैराली, मवे माफी, भनाराठ और रौल्याना गांवों में अज्ञात कारणों से भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। तेज हवाओं और सूखी वनस्पति के कारण आग तेजी से फैलते हुए जंगलों से गांवों की सीमा तक पहुंच गई, जिससे ग्रामीणों के लकड़ी, घास और अन्य आवश्यक संसाधनों को भारी नुकसान हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही फायर फाइटर तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से फायर लाइन बनाकर और झाड़ियों की कटाई कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। कठिन परिस्थितियों में घंटों चले अभियान के बाद देर रात आग पर काबू पाया जा सका।
देर रात आग पर पाया जा सका काबू
ग्रामीणों ने भी साहस और एकजुटता का परिचय देते हुए सक्रिय भूमिका निभाई। लोगों ने जंगल की सीमाओं पर फायर लाइन बनाई, सूखी पत्तियों को हटाया और हरे पेड़ों की टहनियों से आग बुझाने में सहयोग किया। युवाओं ने अलग-अलग टीम बनाकर आग को गांवों में प्रवेश करने से रोका।
भनाराठ गांव में इस आग से 8 से 9 परिवारों का घास, पिरुल और लकड़ी का भंडार जलकर राख हो गया, जिससे प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा।
वहीं कौसानी क्षेत्र में आग आर्मी क्वार्टर तक पहुंच गई, लेकिन समय रहते किए गए प्रयासों से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
अभियान में लक्ष्मी मेहरा, दीपा देवी, कमल मेहरा, दुर्गा देवी, ममता मेहरा, रेखा देवी और सुमन सहित अन्य फायर फाइटरों, ग्रामीणों व वन विभाग के कर्मचारियों ने मिलकर सराहनीय कार्य किया।
यह भी पढ़ें- नेपाल सीमा से लगे एसएसबी कैंप के पास जंगल में लगी भीषण आग, जवानों ने संभाला मोर्चा
यह भी पढ़ें- कोडरमा रेलवे स्टेशन की पार्किंग में लगी आग, दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू