अल्मोड़ा में बर्फबारी के बाद शीतलहर, रात भर बारिश का चलता रहा दौर; अगले 24 घंटों में फिर पड़ेगी बर्फ
अल्मोड़ा जिले में मौसम का मिजाज बदला है, जहां रात भर बारिश हुई और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक गिरने से ...और पढ़ें
HighLights
अल्मोड़ा में रात भर बारिश, ऊंचाई पर बर्फबारी हुई
तापमान एक डिग्री पहुंचा, कड़ाके की ठंड बढ़ी
अगले 24 घंटे में और बारिश-बर्फबारी संभव
जागरण संंवाददाता, अल्मोड़ा। जिले भर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। आसमान में घने बादल छाए रहने से कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। रात भर बारिश का दौर जारी रहा। अल्मोड़ा, जागेश्वर, रानीखेत और द्वाराहाट के कई ऊंचाई वाले क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं। लगातार गिरते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। न्यूनतम तापमान गिरकर एक डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे सुबह के समय ठिठुरन अधिक महसूस की जा रही है।
शनिवार को भी आसमान में बादल छाए हुए है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। ठंड और फिसलन के चलते पहाड़ी सड़कों पर आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन सुस्त पड़ गया है।
बर्फबारी से जहां पर्यटकों में उत्साह देखा जा रहा है, वहीं स्थानीय लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठंड बढ़ने के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। हालांकि, बारिश और हिमपात को रबी की फसलों के लिए लाभकारी माना जा रहा है। इससे खेतों में नमी बढ़ेगी और जल स्रोतों के पुनर्जीवित होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
गुनगुनी धूप और बर्फ का आनंद लेने पहाड़ों को चढे़ सैलानी
रानीखेत/द्वाराहाट: बर्फबारी के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में गुनगुनी धूप के बीच वादियां चांदी की तरह चमकने लगी हैं। बर्फ देखने के लिए उत्सुक सैलानी पहाड़ों की सैर पर निकल पड़े हैं। सप्ताहांत होने से भी पर्यटकों की आमद बढ़ गई है। दूनागिरि (द्रोण पर्वतमाला) में तो सैलानियों का रेला उमड पडा हैं। यहां जाम जैसे हालात भी बन गए। वहीं रानीखेत के समीपवर्ती शीतलाखेत व स्याहीदेवी की पहाड़ी पर भी सैलानी पहुंचने लगे हैं। छांव वाले कई स्थानों पर बर्फ जमा होने से वाहन आगे नहीं बढ पा रहे हैं लेकिन बर्फ के दीदार को पर्यटक पैदल प्रकृति का आनंद ले रहे हैं।
खबरें और भी
बीते शुक्रवार को दूनागिरि पर्वतमाला के भरतकोट, पांडवखोली, शुकदेवी, कुकुछीना, रतखाल, मंगलीखान, दुधोली, चौबटिया व दूनागिरि राजकीय उद्यान आदि क्षेत्रों में हुए हिमपात को देखने के लिए सैलानियों का रेला टूट पड़ा। हालांकि शुक्रवार से ही सैलानियों का दूनागिरि पहुंचना शुरू हो चुका था। लेकिन शनिवार को रिकार्ड तोड़ लोग बर्फबारी का नजारा लेने क्षेत्र में पहुंचे।
वाहनों की अधिकता के कारण कई बार मार्ग पर जाम भी लगा। व्यवस्था को सुचारू करने के लिए कोतवाली पुलिस भी जुटी रही। इस बर्फबारी के चलते शनिवार की सुबह को स्वर्णिम और दिन में चादी की तरह चमकते पहाड़ों को देख लोग अभिभूत हुए और अपने मोबाइल और कैमरों में कैद करते नजर आए। खेतीबाड़ी के लिहाज से इस हिमपात को सुकून भरा मानते हुए क्षेत्र के काश्तकारों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
बर्फबारी से राहत, तेज हवा बनी आफत, बिजली गुल
रानीखेत: बर्फबारी व तेज हवा से बीती रात विभिन्न स्थानों पर बिजली की लाइन पर बड़ा फाल्ट आने से नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को ब्लैकआउट झेलना पड़ा। देर रात मोहनरी पावर हाउस से बैक सप्लाई का जुगाड़ किया गया। मगर दूसरी लाइन पर ब्रेक डाउन से आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। वहीं नैनी सब स्टेशन की मुख्य लाइन में भी फाल्ट ने परेशानी और बढ़ा दी है।
बर्फबारी व वर्षा ने मायूस किसानों को मायूस चेहरों पर मुस्कान तो लौटाई। मगर पहाड़ में देर रात तेज हवा आफत बन गई। बर्फ से लकदक पेड़ों की टहनियां टूटकर बिजली की लाइन पर गिरने से रानीखेत नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति पिछले नौ घंटों से बाधित है।
हालांकि जेई महिपाल सिंह कर्मचारियों के साथ फाल्ट दुरुस्त करने में जुटे रहे लेकिन एक के बाद दूसरी लाइन पर ब्रेक डाउन सिरदर्द बन गया। शनिवार की सुबह से ही तकनीकी टीम जगह जगह लाइन पर गिरी टूटी टहनियां हटाकर मरम्मत कार्य में लगे हैं, लेकिन अभी तक बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी है। वहीं इंटरनेट व्यवस्था भी गड़बड़ चल रही है।
एनटीडी और कंकरकोठी जलाशयों से जुड़े क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित
लंबे अंतराल के बाद हुई बर्फबारी और बारिश से जहां जंगलों की आग से राहत मिली है, और सूखते जल स्रोतों के लिए बारिश ने संजीवनी का काम क्या है, वही बारिश और बर्फबारी के बाद परेशानियां भी बड़ गई हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से एनटीडी जलाशय और कंकरकोठी जलाशय में पानी एकत्र नहीं हो सका। जिस कारण एनटीडी, रानीधारा पूर्वी पोखर खाली समेत कंकरकोठी से जुड़े लोधीया, खत्याड़ी आदि क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी।
तेज बारिश और बर्फबारी के बाद बिजली लाइनों में फाल्ट आने से मुख्यालय में जहां बिजली की आज मिचौली सुबह से ही जारी रही, वहीं धौलछिना, जागेश्वर, समेत तोली फीडर से जुड़े कई क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली गुल रही। शुक्रवार देर रात से आपूर्ति बाधित होने के चलते ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम साफ होने के बाद ऊर्जा निगम के कर्मचारी सुबह से ही फाल्ट को ढूंढने में जुट गए। जबकि बर्फबारी के बाद सड़कों पर बिछी बर्फ की चादर के चलते वाहनों को निकलने में परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि प्रशासन की ओर लोडर मशीन लगाकर बर्फ को हटाने का काम किया गया।
यह भी पढ़ें- Snowfall Photos: बर्फबारी से लकदक पिथौरागढ़ के पहाड़, दिखा बर्फ की चादर के ढके हिमालय का अद्भुत दृश्य
यह भी पढ़ें- नैनीताल से आई बर्फबारी की ताजा तस्वीरें, मौसम के पहले स्नोफॉल से बदले सरोवरी नगरी के नजारे
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Today: तीन माह बाद पहाड़ों पर बिछी सफेद चादर, आज भी वर्षा-बर्फबारी और हिमस्खन का अलर्ट