बदरीनाथ चढ़ावा चोरी के बाद BKTC का बड़ा कदम, अब AI क्लाउड सिस्टम से होगी धामों की सुरक्षा और निगरानी
बदरीनाथ में चढ़ावा चोरी के बाद बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) अब धामों की सुरक्षा और निगरानी को मजबूत कर रही है। ...और पढ़ें

एआई जनरेडेट इमेज।
HighLights
चढ़ावा चोरी के बाद बीकेटीसी सुरक्षा में जुटी
एआई क्लाउड सिस्टम से होगी धामों की निगरानी
सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित, कहीं से भी देख सकेंगे
देवेंद्र रावत, गोपेश्वर(चमोली)। बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) अब निगरानी व गणना व्यवस्था को सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने में जुट गई है।
इसी कड़ी में बदरी-केदार धाम को एआइ क्लाउड सेटेलाइट स्टोरेज सिस्टम से जोड़ने की तैयारी है। इससे न केवल धामों की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रहेगी, बल्कि उसकी कहीं से भी निगरानी की जा सकेगी।
दान-चढ़ावे में हेरीफेरी से बीकेटीसी प्रशासन की खासी किरकिरी हुई है। हैरत देखिए कि तकनीक के इस दौर में भी बदरी-केदार धाम में जो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, वे कम स्टोरेज क्षमता के हैं।
जिससे चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही एसआइटी को महज 13 दिन की फुटेज ही उपलब्ध हो पाई है। जबकि, बीकेटीसी की ओर से कैमरों की 45 दिन की फुटेज सुरक्षित होने का दावा किया गया था।
इसी को देखते हुए बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बदरी-केदार समेत अन्य प्रमुख मंदिरों की सीसीटीवी व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए थे।
बताया गया कि इसी को देखते हुए बीकेटीसी ने अब बदरी-केदार धाम को एआइ क्लाउड सेटेलाइट स्टोरेज सिस्टम से जोड़ने की रणनीति बनाई है।
इस सिस्टम के माध्यम से बीकेटीसी के अधिकारी कहीं से भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी कर सकेंगे। इसके बाद अन्य मंदिरों में भी इसी तरह के सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।
बता दें कि बदरी-केदार धाम के अलावा वर्तमान में 47 अन्य मंदिरों का जिम्मा भी बीकेटीसी के पास है, लेकिन अभी तक बदरीनाथ, केदारनाथ, नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ व रुद्रप्रयाग के त्रियुगीनारायण मंदिर में ही सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। बताया गया कि ये कैमरे भी कम क्षमता के हैं।
बदरी-केदार धाम में व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के लिए यह कार्ययोजना अमल में लाई जा रही है। इससे धामों में दर्शन के साथ मंदिर समिति के कार्यालयों, चढ़ावा गणना व दानपात्रों पर बारीकी से नजर रखी जा सकेगी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि सीसीटीवी फुटेज पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।
- हेमंत द्विवेदी, अध्यक्ष, बदरी-केदार मंदिर समिति
यह भी पढ़ें- बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामला: रिकॉर्ड से खजाने का मिलान कर रही SIT, फुटेज में 500 के बंडल उठाते दिखे अधिकारी
यह भी पढ़ें- बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामले पर बोले BKTC अध्यक्ष हेमंत दिवेदी, कहा- 'गोदियाल कर रहे जांच भटकाने की कोशिश'