बदरीनाथ में चढ़ावा चोरी मामला: हक-हकूकधारियों में आक्रोश, मुख्यमंत्री से SIT जांच की मांग
बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की राशि में हेराफेरी के मामले में हक-हकूकधारियों में आक्रोश है। बदरीश संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री से एसआईटी जांच की मांग की है। ...और पढ़ें

बदरीनाथ धाम। जागरण आर्काइव
HighLights
बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की राशि में हेराफेरी का मामला
बदरीश संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री से एसआईटी जांच मांगी
पंडा पंचायत ने मंदिर समिति की जांच का किया स्वागत
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की राशि में हेराफेरी को लेकर हक-हकूक से जुड़े लोग भी सामने आने लगे हैं। इसी कड़ी में बदरीश संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मामले में एसआइटी जांच की मांग की है।
वहीं, श्री बदरीश पंडा पंचायत ने मंदिर समिति के अध्यक्ष को पत्र लिखकर समिति की ओर से मामले की जांच में तत्परता दिखाए जाने को स्वागतयोग्य कदम बताया है।
पत्र में पंडा पंचायत के अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों से मंदिर समिति के कर्मचारियों से संबंधित वित्तीय अनियमितताओं और पैसे लेकर दर्शन करवाने की खबरें लगातार सुर्खियां बन रही हैं।
इससे बदरीनाथ धाम की गरिमा को नुकसान हो रहा है। साथ ही धार्मिक मान्यताओं और सनातन परंपराओं पर भी कुठाराघात हो रहा है।
कहा कि इस प्रकरण से पीढ़ियों से जुड़े पंडा-पुरोहितों में दुख, निराशा और गुस्से का भाव है। मंदिर समिति ने प्रकरण की जांच के लिए समिति गठित करने का निर्णय लिया है, जिसका बदरीश पंडा पंचायत स्वागत करती है।
पंडा पंचायत ने आशंका भी जताई कि ऐसे प्रकरण प्रयोग या संयोग के तहत साजिशन बाहर आ रहे हैं।
उन्होंने वर्तमान मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत दिवेद्वी की नेतृत्व क्षमता पर पूरा भरोसा जताया और आग्रह किया इस मामले में स्पष्ट एवं कठोर निर्णय लेते हुए एक समयबद्ध उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित की जाए। ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
दूसरी ओर, बदरीश संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री धामी को पत्र भेजकर मामले में एसआइटी जांच की मांग की है।
पत्र में समिति के अध्यक्ष राजेश मेहता और प्रवक्ता मनदीप भंडारी ने कहा कि मंदिर समिति के एक कर्मचारी का चढ़ावा चोरी प्रकरण में नाम आया है।
यह अत्यंत दुखद और निंदनीय है। इससे बदरीनाथ धाम की मर्यादा व प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। यह धर्म के विरुद्ध किया गया एक घृणित कृत्य है, जिसकी सामाजिक भर्त्सना होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- राम मंदिर के बाद अब बदरीनाथ धाम चढ़ावा विवाद, बीकेटीसी सख्त; दोषी पर होगी कार्रवाई
यह भी पढ़ें- अयोध्या के बाद बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में हेरा-फेरी के आरोप, मंदिर समिति ने बैठाई जांच; जारी की नई गाइडलाइन