बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में SIT गठित, मंदिर समिति से मांगे CCTV फुटेज
बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की चोरी के मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है। ...और पढ़ें

बदरीनाथ धाम
HighLights
बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी का गठन।
डीएसपी मदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में जांच शुरू हुई।
एसआईटी ने मंदिर समिति से सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेज मांगे।
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की चोरी के मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच के लिए पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है। एसआईटी की टीम ने बदरीनाथ थाने में दर्ज रिपोर्ट के आधार पर जांच भी शुरु करते हुए घटना स्थल का निरीक्षण किया है। साथ ही मंदिर समिति से जांच में संदर्भित दस्तावेज, फुटेज आदि मांगे हैं।
जांच टीम द्वारा इससे संदर्भित सूचनाओं का संकलन भी किया गया है ताकि जांच को सबूतों व गवाहों के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। गौरतलब है कि श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने बदरीनाथ थाने में मंदिर समिति के वैयक्तिक सहायक पद पर तैनात प्रमोद नौटियाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी का गठन पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में किया है। इस एसआईटी में बदरीनाथ के कोतवाली प्रभारी महादेव उनियाल, एसएसआई प्रकाश बिष्ट, एसआई लंगासू चौकी प्रभारी दिनेश पंवार, एसओजी कांस्टेबल आशुतोष तिवारी, एंटी नारकोटिक्स कास्ट फोस कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह को शामिल किया गया है।
उच्च स्तरीय जांच के लिए बनाई गई टीम ने पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में बदरीनाथ मंदिर के अंदर घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए घटना से संदर्भित सभी बातों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर समिति के अधिकारियों से बैठक कर संबंधित अपराध को लेकर सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य दस्तावेज भी मांगे है साथ ही एसआईटी टीम ने उन अधिकारियों, कर्मचारियों, आम लोगों, साधु संतों का भी ब्यौरा मांगा है जो गणना के दौरान वहां मौजूद थे।
खबरें और भी
बताया गया कि एसआईटी को जल्द ही सूचनाएं उपलब्ध कराए जाने की बता मंदिर समिति के अधिकारियों ने कही है। एसआईटी का फोकस ससीटीवी फुटेज पर है। बताया गया कि यह सीसीटीवी फुटेज लगभग छ: घंटे की है। घटना के दिन दो जुलाई को लगभग आठ बजे से गणना शुरु की तैयारी हुई जो दो बजे तक चली ऐसे में सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से गणना स्थल पर मौजूद व्यक्तियों को एसआईटी पहले खंगालना चाहती है।
साथ ही साधु संतो , आम लाेगों की मौजूदगी के साथ उन लोगों से भी अपराध में कार्रवाई को लेकर मदद लेना चाह रही है, जिन्होंने सबसे पहले दान चढ़ावे की राशि ठिकाने लगाए जाने का विरोध किया था।
यह भी पढ़ें- बदरीनाथ धाम चढ़ावा हेराफेरी: प्रमोद नौटियाल ने अकेले की गिनती, जांच में चौंकाने वाले खुलासे