Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की हेराफेरी के बाद BKTC सख्त, अब बिना जेब की ड्रेस पहनकर होगी नोटों की गिनती

    Updated: Thu, 09 Jul 2026 11:41 PM (IST)

    बदरीनाथ धाम में दान में गड़बड़ी के बाद बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने चढ़ावा गणना प्रक्रिया में बड़े बदलाव किए हैं। ...और पढ़ें

    बदरीनाथ धाम।

    बदरीनाथ धाम।

    HighLights

    1. कर्मचारी बिना जेब की ड्रेस पहनकर करेंगे गणना

    2. चढ़ावा स्थल पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ी

    3. गणना में 5 कर्मचारियों की मौजूदगी अनिवार्य की गई

    देवेंद्र रावत, गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ धाम में दान व चढ़ावे में गड़बड़ी को लेकर अब बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।

    इसके तहत चढ़ावा गणना की दशकों पुरानी परंपरा में बदलाव किया गया है। अब ड्यूटी में लगाए गए कार्मिकों को बिना जेब की ड्रेस पहनकर अनिवार्य रूप से गणना स्थल पर मौजूद रहना होगा।

    थाली भेंट गणना स्थल पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों की संख्या एक से बढ़ाकर तीन कर दी गई है।

    बताया गया कि चढ़ावे में हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद गणना में पांच कर्मचारियों की मौजूदगी को अनिवार्य किया गया है।

    गणना में सहयोग करने वाले साधु-संतों, नागरिकों व यात्रियों को पहले तलाशी देनी होगी। इसी के बाद उन्हें गणना स्थल पर भेजा जाएगा।

    कंट्रोम रूम में मौजूद कर्मचारी गणना की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे और किसी भी प्रकार का संदेह होने पर इसकी सूचना तत्काल मंदिर अधिकारी को देंगे।

    गणना में शामिल होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों समेत अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूरी जानकारी रजिस्टर में दर्ज होगी। ताकि किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका न रहे।

    बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्धिवेदी ने बताया कि गणना स्थल पर लगाए गए कैमरों में पल-पल का रिकार्ड दर्ज होगा।

    मंदिर समिति गणना में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों का ड्रेस कोड भी तय करने जा रही है। उनके वस्त्र बिना जेब के होंगे। साथ ही वे गणना स्थल पर कोई सामान भी नहीं ले जा सकेंगे।

    इसके अलावा अन्य लोगों से भी सुझाव लेकर गणना प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।

    यह भी पढ़ें- बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: SIT ने मांगा 3 साल का रिकॉर्ड, धाम पहुंचेगी कमिश्नर की हाईलेवल कमेटी

    यह भी पढ़ें- बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में SIT गठित, मंदिर समिति से मांगे CCTV फुटेज