चमोली टनल हादसा: पानी के रिसाव के बीच रेस्क्यू में हो रही दिक्कत, 3 कर्मचारी अभी भी लापता
विष्णुगाड़-पीपलकोटी परियोजना की टेल रेस टनल में भूस्खलन के बाद रेस्क्यू अभियान जारी है, जिसमें अभी भी तीन कर्मचारी लापता हैं।

HighLights
विष्णुगाड़-पीपलकोटी टनल में भूस्खलन, तीन कर्मचारी लापता।
लगातार पानी और मलबे से बचाव कार्य में बाधा।
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी द्वारा रेस्क्यू अभियान जारी।
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर। विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के सियासैंण हाट में बन रही टेल रेस टनल के अंदर बीते सांय को हुए भूस्खलन को लेकर रेस्क्यू अभियान जारी है। मलबे में अभी भी तीन कर्मचारी लापता हैं। बताया गया कि लापता तीनों कर्मचारियों में एक झारखंड व दो छत्तीसगढ़ के हैं। जिस प्रकार समय बीत रहा है उससे फंसे लोगों के जिंदगी की उम्मीदें भी कम होती जा रही है।
गौरतलब है कि बीते सांय को टेल रेस टनल के अंदर 1.8 किमी पर धमाके के साथ पहाड़ी से मलबा पानी आने से बड़ी दुर्घटना सामने आई थी। इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो चुकी है। बताया गया कि टनल के अंदर कुल 28 कर्मचारी मौजूद थे जिनमें तीन अभी भी लापता हैं। तथा 11 घायल कर्मचारियों का जिला चिकित्सालय में भर्ती हैं एक घायल को श्रीनगर बेस चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि 28 में से 6 ऐसे कर्मचारी थे जो सुरक्षित हैं तथा रेस्कयू में जुटे थे। टनल के अंदर तड़के से ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी रेस्क्यू अभियान चला रही है। कहा कि टनल के अंदर ऑक्सीजन सिस्टम क्षतिग्रस्त होने से ऑक्सीजन की भी दिक्कत हो रही है इसके साथ टनल में भारी मात्रा में पानी का रिसाव जारी है।
ऐसे में रेस्कयू टीम को लापता कर्मचारियों को ढूंढने में दिक्कतें हो रही है। हालांकि टनल में मोटर के जरिए भी पानी को बाहर निकाला जा रहा है। तथा जेसीबी मशीन के द्वारा मलबा हटाया जा रहा है। परियोजना का निर्माण कर रही एचसीसी कपंनी के तीनों कर्मचारियों के घटना के दौरान घटना स्थल पर ही कार्य करने की जानकारी घायलों से मिली है।
रेस्क्यू टीम के पास मिट्टी हटाकर टनल के आर पार जाने की चुनौती है। रेस्क्यू टीम को खाली ड्रमों के नाव बनाकर टनल में मदद के लिए या टनल में रेस्क्यू के लिए जा रहा है। बताया कि टनल मलबे से पटी हुई है और भूस्खलन के मुहाने से पानी का आना निरंतर जारी है। जिससे फिलहाल रेस्क्यू टीमों को मलबा हटाने में खासी दिक्कतें हो रही है।
बताया गया कि रेस्क्यू कार्य में पहाड़ी से आ रहे भारी मात्रा में पानी की दिक्कत से निपटने के लिए पानी निकासी के लिए पंप के द्वारा पानी को बहार निकाला जा रहा है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि रेस्क्यू कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। टनल में रेस्क्यू के दौरान मलबा हटाने के कार्य के लिए भी मशीने लगाई गई है पानी निकासी के लिए पंपों का इस्तमाल किया गया है।

