विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड के चमोली में भूस्खलन: क्षतिग्रस्त सड़क पर बाइक कंधे पर उठा ले गया युवक, वीडियो वायरल

Published: Thu, 30 Jul 2026 04:02 PM (IST)

चमोली में भारी बारिश और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त है, जहां देवसारी मोटर मार्ग पर एक युवक अपनी बाइक कंधे पर उठाकर क्षतिग्रस्त सड़क पार करता दिखा।

HighLights

  1. चमोली में भारी बारिश से भूस्खलन, जनजीवन अस्त-व्यस्त

  2. युवक ने क्षतिग्रस्त सड़क पर बाइक कंधे पर उठाई

  3. देवसारी मोटर मार्ग पर यातायात ठप, वीडियो वायरल

संवाद सहयोगी, गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मानसून की मूसलधार बारिश आफत बनकर बरस रही है। लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सीमांत जिले चमोली में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है।

इस विकट स्थिति के बीच, इंटरनेट मीडिया पर एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जो पहाड़ों में पैदा हुए हालातों और स्थानीय लोगों की मजबूरी को बखूबी बयां कर रहा है।

वीडियो में एक युवक भूस्खलन से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके मार्ग पर अपनी बाइक को कंधे पर उठाकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है।

यह मामला चमोली जनपद के देवाल विकासखंड के देवसारी मोटर मार्ग का है। यहां भारी भूस्खलन के कारण यातायात पूरी तरह ठप पड़ा है।

सड़क पर जगह-जगह बोल्डर ( चट्टानें) और भारी मलबा आने से वाहनों के पहिए थमे हुए हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ये हैं कि लोग जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।

इसी दौरान रास्ते के सबसे खतरनाक और क्षतिग्रस्त हिस्से को पार करने के लिए एक युवक ने अपनी बाइक कंधे के सहारे उठाया और पैदल ही मलबे के ऊपर से निकल रहा है।  किसी राहगीर ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जल्द राहत के आसार नहीं

सड़क पर आए भारी मलबे को देखते हुए फिलहाल मार्ग के जल्द खुलने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।

वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ों में मानसून के दौरान हर साल रास्ते बंद होते हैं, लेकिन इस बार स्थिति सामान्य से कहीं ज्यादा गंभीर और जानलेवा बनी हुई है।

प्रशासन की ओर से मार्ग खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश काम में बाधा बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- देहरादून: एक साल बाद फिर वही खौफ, मालदेवता में आपदा के जख्म हरे

यह भी पढ़ें- देहरादून में रातभर की बारिश से सब बेहाल, सड़कें बहीं; खतरे में मकान