विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंपावत में पहाड़ी से कार पर गिरा बोल्डर, एक युवक की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल

Published: Tue, 08 Sep 2026 12:12 AM (IST)

चंपावत के बाराकोट ब्लॉक में घाट-पनार मोटर मार्ग पर पहाड़ी से बोल्डर गिरने से एक युवक की मौत हो गई ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. चंपावत में कार पर बोल्डर गिरने से हादसा।

  2. एक युवक की मौत, चार अन्य गंभीर घायल।

  3. घायलों को चंपावत, पिथौरागढ़ अस्पतालों में भेजा गया।

जागरण संवाददाता, चंपावत। बाराकोट ब्लाक के घाट-पनार मोटर मार्ग पर घाट मसान देवता मंदिर के पास पहाड़ी से अचानक कार पर गिरे बोल्डर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चंपावत जिला अस्पताल और पिथौरागढ़ के अस्पतालों में भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, यूके-05टीए-2878 नंबर की अल्टो कार टिम्टा, गंगोलीहाट से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। घाट मसान देवता मंदिर के पास सड़क बंद होने के कारण चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। कार में दो युवक बैठे थे, जबकि तीन युवक बाहर खड़े थे। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिरा और पांचों युवक उसकी चपेट में आ गए।

हादसे में वाहन चालक सौरभ कुमार (24) पुत्र नरेंद्र कुमार, संदीप कुमार (35) पुत्र भवानी राम, सुनील कुमार (23) पुत्र आनंद राम, सुभाष चंद्र (44) पुत्र शिवराम और सुजल कुमार (17) पुत्र कृष्ण राम, सभी निवासी टिम्टा, गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर स्थानीय लोगों के साथ पुलिस, राजस्व, फायर, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

गंभीर घायल संदीप कुमार और सुनील कुमार को 108 सेवा से उप जिला अस्पताल लोहाघाट लाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही संदीप कुमार की मौत हो गई। उप जिला अस्पताल के एमएस डा. विराज राठी ने बताया कि सुनील कुमार के सिर में गंभीर चोट है। उसे बेहतर उपचार के लिए चम्पावत रेफर किया गया है। वहीं सौरभ कुमार, सुभाष चंद्र और सुजल कुमार को उपचार के लिए पिथौरागढ़ भेजा गया है।

डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर एसडीएम नीतू डांगर भी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। मदन सिंह सामंत, शमशेर सिंह, मोहन सिंह, महेंद्र सिंह और पंकज तिवारी समेत स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से बाहर निकालने में मदद की।

पीछे खड़ी कार भी हुई क्षतिग्रस्त
स्थानीय लोगों के अनुसार, बोल्डर की चपेट में आई कार के पीछे खड़ी दूसरी अल्टो कार यूके-05टीए-4664 पर भी पत्थर गिरे। इससे कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।

यह भी पढ़ें- Heavy Rain Alert: उत्तराखंड में जारी रहेगा मानसून का कहर, आज दून सहित छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट