कौन हैं लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गजेंद्र जोशी? बने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष
भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी को उत्तराखंड लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ...और पढ़ें

हाल ही में सेना के परम विशिष्ट सेवा मेडल से सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी हुए थे सम्मानित

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, चंपावत । भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी को उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर पूरे जनपद में हर्ष, गर्व और उत्साह का वातावरण है। यह उपलब्धि न केवल चंपावत बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
चंपावत के लटोली ग्राम निवासी लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गजेंद्र जोशी को देश सेवा के बाद अब एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्यपाल की संस्तुति पर उन्हें उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है।
सर्वोच्च संवैधानिक भर्ती संस्था का करेंगे नेतृत्व
देश की सीमाओं की रक्षा में दशकों तक अद्वितीय साहस, नेतृत्व और समर्पण का परिचय देने वाले लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि)गजेंद्र जोशी अब उत्तराखंड की सर्वोच्च संवैधानिक भर्ती संस्था का नेतृत्व करेंगे। सैन्य जीवन में उत्कृष्ट सेवाओं के बाद उन्हें यह महत्वपूर्ण संवैधानिक दायित्व सौंपा जाना उनके व्यक्तित्व, कार्यकुशलता, प्रशासनिक क्षमता और निष्पक्ष नेतृत्व का प्रमाण है।
बता दें कि हाल ही में 29 जून 2026 को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्र के प्रति उनकी असाधारण एवं विशिष्ट सैन्य सेवाओं के लिए उन्हें देश के सर्वोच्च सैन्य अलंकरणों में से एक परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया था। इससे पूर्व उन्हें उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अति विशिष्ट सेवा मेडल तथा सेना मेडल से भी अलंकृत किया जा चुका है।
लोगों ने दी शुभकामनाएं
लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गजेंद्र जोशी की इस ऐतिहासिक नियुक्ति पर जनपद के जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। जनपदवासियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि उनके व्यापक अनुभव, पारदर्शी कार्यशैली और दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा राज्य की भर्ती प्रक्रिया और अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी।