देहरादून की आस्था बिष्ट सेना में बनीं लेफ्टिनेंट, AFMC पुणे से की MBBS की पढ़ाई
दून की आस्था बिष्ट ने पुणे के एएफएमसी से एमबीबीएस पूरी कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट का पद हासिल किया है। ...और पढ़ें

लेफ्टिनेंट आस्था बिष्ट के कांधे पर सितारे सजाते माता-पिता। स्वजन
HighLights
आस्था बिष्ट भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनीं, परिवार को गर्व
एएफएमसी पुणे से एमबीबीएस की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी की
तीन पीढ़ियों से सशस्त्र बलों से जुड़ा है परिवार
जागरण संवाददाता, देहरादून। दून की बेटी आस्था बिष्ट ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर परिवार और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।
पुणे स्थित सशस्त्र सेना चिकित्सा महाविद्यालय (एएफएमसी) से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर नियुक्ति मिली है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
आस्था का परिवार मूल रूप से चमोली जिले के नारायणबगड़ विकासखंड के ग्राम पालछुनी का रहने वाला है। वर्तमान में उनका परिवार दून के लोअर नेहरूग्राम में निवास करता है।
उनके पिता अशोक बिष्ट भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआइ) के पद पर कार्यरत हैं, जबकि मां बिमला देवी गृहिणी हैं। उनके दादा डीएस बिष्ट भारतीय सेना से हवलदार पद से सेवानिवृत्त हैं।
वहीं, उनके भाई आर्यन विज्ञानी हैं और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पिता अशोक ने बताया कि आस्था शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। डाक्टर बनने का उनका सपना कड़ी मेहनत और लगन के बल पर पूरा हुआ।
उन्होंने एएफएमसी, पुणे से एमबीबीएस की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी की और अब भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में नियुक्त होकर परिवार का सपना साकार कर दिया है।
आस्था की सफलता पर स्वजन, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। परिवार का कहना है कि उनकी उपलब्धि न केवल उनके लिए गर्व का विषय है, बल्कि प्रदेश की बेटियों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण है।
तीन पीढ़ियों से सश्स्त्र बलों से जुड़े इस परिवार में आस्था की उपलब्धि ने खुशी को और बढ़ा दिया है।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में सैनिकों के गांव हरिहरपुर का बेटा बना लेफ्टिनेंट कर्नल, बढ़ाया मिथिला का मान
यह भी पढ़ें- DAV से पढ़ाई, AFMC से MBBS...; अब अरवल की बेटी शुभांगी भारतीय सेना में बनीं लेफ्टिनेंट