बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: जांच रिपोर्ट आने पर ही होगी बीकेटीसी की बोर्ड बैठक
बदरीनाथ धाम चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) की विधिवत बैठक होगी। ...और पढ़ें

बदरीनाथ धाम।
HighLights
जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी बीकेटीसी की बैठक
ऋषिकेश में हुई संक्षिप्त बैठक में हुई चर्चा
सितंबर से पहले बोर्ड बैठक कराने की तैयारी
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। बदरीनाथ धाम चढ़ावा हेराफेरी प्रकरण की जांच के बीच शुक्रवार शाम बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) की यात्रा ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश स्थित कार्यालय में हुई संक्षिप्त बैठक में समिति की बोर्ड बैठक कराने पर चर्चा हुई।
तय हुआ कि गढ़वाल कमिश्नर की अध्यक्षता में गठित जांच की समिति की रिपोर्ट आने के बाद समिति की विधिवत बैठक कराई जाएगी। सितंबर में यात्रा का दूसरा चरण शुरू होने से पहले बोर्ड बैठक कराने की तैयारी है।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की मौजूदगी में हुई बैठक में चढ़ावा हेराफेरी प्रकरण पर चर्चा हुई। कहा गया कि प्रकरण की जांच को गठित तीनों समितियों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
इसके बाद समिति की विधिवत बैठक बुलाई जाएगी। समिति की वर्ष में दो बड़ी बैठक होती हैं। इसमें एक बैठक यात्रा शुरू होने से पहले मार्च में हो चुकी है।
इस मौके पर समिति के नवनियुक्त सलाहकार माधव सेमवाल, सदस्य राकेश भंडारी और कमला बग्वाड़ी का सदस्यों से परिचय कराया गया।
सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि यह केवल परिचय बैठक थी। बैठक में समिति के उपाध्यक्ष विजय कपरुवाण, सदस्य धीरज पंचभैया, राजेंद्र डिमरी, राकेश भंडारी, महेंद्र शर्मा, राजपाल जड़धारी, प्रह्लाद पुष्पवाण, दिनेश डोभाल व देवी प्रसाद देवली मौजूद रहे।