देहरादून में अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, दिल्ली में एक व्यक्ति से किया था निकाह
देहरादून पुलिस ने अवैध रूप से रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। वह 2017 में भारत आई थी और दिल्ली में शादी के बाद देहरादून में बुटीक चला रही थी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बांग्लादेशी महिला हमीदा खान देहरादून में गिरफ्तार हुई।
2017 में अवैध रूप से असम सीमा से भारत आई थी।
दिल्ली में निकाह कर देहरादून में बुटीक चला रही थी।
जागरण संवाददाता, देहरादून। अवैध रूप से बार्डर पार कर 2017 में भारत आई बांग्लादेश की एक आरोपित महिला को स्वतंत्रता दिवस से पहले शुक्रवार को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपिता ने भारत में अवैध रूप से रहने के लिए दिल्ली में एक व्यक्ति से निकाह किया था।
डेढ़ वर्ष पहले ही महिला अपने पति के साथ दिल्ली से देहरादून आ गई और बुटीक संचालित करने लगी। अब पुलिस आरोपिता की सहायता करने वालों पर भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि शुक्रवार को पटेलनगर पुलिस और अभिसूचना इकाई की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि आईएसबीटी के पास पंजाबी कॉलोनी में किराये पर रह रही महिला के संदिग्ध प्रतीत हो रही है। इसके बाद टीम ने दस्तावेज मांगे तो वह नहीं दिखा पाई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपिता महिला हमीदा खान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला ने बांग्लादेशी होना स्वीकार किया। इसके फोन से भी पुलिस को बांग्लादेशी आईडी और बांग्लादेशी पासपोर्ट की फोटो मिली।
पूछताछ में आरोपिता ने बताया कि वह 2017 में असोम बार्डर से भारत आई और 2018 में उसने दिल्ली के रहने वाले अकरम से निकाह कर लिया। डेढ़ वर्ष पहले वह अपने पति के साथ देहरादून आ गई और चांचक पुल के पास एक बुटीक खोला। देहरादून आने के बाद वह पति के साथ अलग-अलग स्थानों पर किराये पर रही।
अब तक 21 बांग्लादेशियों को पकड़ चुकी दून पुलिस
देहरादून में अवैध रूप से रह रहे 21 बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस अब तक हिरासत में ले चुकी है। पूर्व में फर्जी दस्तावेज बनाकर अवैध रूप से रह रहे 11 बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर जेल भेजा जा चुका है। इसके अलावा 10 बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस डिपोर्ट भी कर चुकी है।
