विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 20, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

राफेल मुद्दे पर भाजपा ने किया राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन

By BhanuEdited By:
Published: Thu, 20 Dec 2018 09:30 AM (IST)

भारतीय जनता पार्टी देहरादून महानगर के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के राफेल मुद्दे पर झूठे बयान देने के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

राफेल मुद्दे पर भाजपा ने किया राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन
राफेल मुद्दे पर भाजपा ने किया राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन

देहरादून, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी देहरादून महानगर के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के राफेल मुद्दे पर झूठे बयान देने के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। भाजपा महानगर कार्यालय से कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय के बाहर तक जोरदार नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला।

मार्च आरंभ करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि नरेंद्र मोदी साधारण घर से आते हैं और जिनका इतिहास ही घपला और घोटालों का है और जो स्वयं जमानत पर चल रहे हैं, वह प्रधानमंत्री पर अंगुली उठा रहे हैं। 

महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चोरों को सब चोर ही नजर आते हैं। भाजपा की केंद्र और प्रदेश प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलती हैं और किसी भी भ्रष्टाचारी को बर्दाश्त नहीं किया जाता। 

इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक हरबंश कपूर, विनोद चमोली, खजानदास ने भी संबोधित किया। मार्च के बाद कांग्रेस भवन के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला जलाया। 

इस दौरान विमला गौड़, अमिता अग्रवाल, अनीता सिंह, अमिता सिंह, नंदी देवी, रितु अग्रवाल, प्रगति, सुशीला बलूनी, पवित्र मेहरा, ममता बिष्ट, आदित्य चौहान, राजीव उनियाल सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कांग्रेस ने देश की सुरक्षा से किया खिलवाड़: जोशी

मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि राफेल डील पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश की जनता को गुमराह कर देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया है। इसलिए उन्हें सेना और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

कुलड़ी क्षेत्र के एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए विधायक जोशी ने कहा कि राफेल डील पर राहुल गांधी ने जिस तरह बयानबाजी की है वह कारी बयानबाजी ही साबित हुई। क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने राफेल डील पर सरकार को क्लीन चिट दी है इससे साबित होता है भाजपा पाक-साफ है जबकि कांग्रेस ही जनता को गुमराह कर रही है। 

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा संसद में दिया गया बयान भी झूठा साबित हुआ। इतना ही नहीं फ्रांस के राष्ट्रपति ने भी इसे झूठा करार दिया है। पत्रकार वार्ता में भाजपा मण्डल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, महामंत्री कुशाल राणा आदि मौजूद थे। 

प्रदर्शन-कूच की नहीं ली थी अनुमति

भाजपा की ओर से पुतला दहन और कांग्रेस भवन कूच को लेकर प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने इस बाबत दून पुलिस से रिपोर्ट मांगी है कि क्या अनुमति से संबंधित कोई कागजात उनके पास आया था।

छोटे से छोटे कार्यक्रम तक को अनुमति न होने की स्थिति में रोक दिए जाते हैं, लेकिन भाजपा की अपनी चली। पार्टी की ओर से प्रदर्शन और कूच के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी, जबकि भाजपा का प्रदर्शन पीक ऑवर में प्रस्तावित था। इससे यातायात से लेकर कई तरह की परेशानियां लोगों को हो सकती थीं। 

सिटी मजिस्ट्रेट मनुज गोयल ने कहा कि भाजपा की ओर से प्रदर्शन और कूच के लिए कोई अनुमति उनके कार्यालय से नहीं ली गई थी। फिर भी लोग प्रदर्शन करते सड़क पर निकले। इस बारे में पुलिस से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने हलके में लिया प्रदर्शन

भाजपाइयों के प्रदर्शन को पुलिस ने हलके में लिया। यही नतीजा रहा कि जब भाजपाई कनक चौक से कांग्रेस दफ्तर की ओर बढ़ने लगे तो उन्हें रोक पाने में पुलिस नाकाम रही। जब हालात बिगडऩे लगे तब आसपास के थानों की फोर्स बुलाई गई।

बता दें, राफेल पर राहुल के बयान के विरोध में बुधवार को भाजपाइयों ने पुतला दहन और कांग्रेस भवन कूच करने का एलान किया था। तय कार्यक्रम के तहत भाजपा के महानगर कार्यालय और कनक चौक पर फोर्स तैनात कर दी गई। 

जब भाजपाई कनक चौक पर पहुंचे और पुतला दहन करने लगे, तभी कुछ कार्यकर्ता कांग्रेस भवन की ओर जाने लगे। हालांकि पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन फोर्स कम होने के चलते भाजपाई भारी पड़े और कांग्रेस विरोधी नारे लगाते कांग्रेस भवन पहुंच गए। 

यहां जब कांग्रेसियों से भाजपाइयों की भिड़ंत हो गई तो पुलिस के हाथ-पांव फूलने लगे। आनन-फानन में राजपुर, कोतवाली, डालनवाला से फोर्स मौके पर बुलाई, लेकिन तब तक हंगामा हो चुका था। इसमें खुफिया तंत्र की भी विफलता सामने आ रही है। वह इसलिए कि जब भाजपाइयों ने कांग्रेस भवन कूच करने का एलान किया था तो पुलिस को उसकी जानकारी क्यों नहीं हो पाई। एसपी क्राइम लोकेश्वर सिंह के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: राफेल पर राहुल के बयान के विरोध में कांग्रेस भवन पहुंचे भाजपार्इ, बवाल

यह भी पढ़ें: चुनाव आते ही भाजपा को याद आने लगते हैं भगवान राम: हरीश रावत

यह भी पढ़ें: राफेल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर फूंका राहुल का पुतला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।