देहरादून के चकराता में पर्यटकों की बढ़ी आमद, छावनी बाजार में दिनभर रही चहल-पहल
चकराता के पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है, जिससे होटल पूरी तरह से बुक हो गए हैं। सुहावने मौसम के बीच छावनी बाजार में रौनक ...और पढ़ें

वीकेंड पर छावनी बाजार चकराता सैलानियों से हुआ गुलजार। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, चकराता (देहरादून)। क्षेत्र के पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
शुक्रवार को प्रमुख पर्यटन स्थलों लोखंडी, देववन, मोइला टाप, टाइगर फाल और चिरमिरी टाप की सैर के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे।
इस बीच छावनी बाजार चकराता सैलानियों से गुलजार नजर आया। बाजार में दिनभर चहल-पहल बनी रही।
शुक्रवार को सुबह से ही चकराता का मौसम सुहावना रहा। इस दौरान छावनी बाजार में स्थानीय दुकानों, होटल और रेस्टोरेंट में अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली।
पर्यटकों ने स्थानीय उत्पादों की खरीदारी के साथ-साथ पहाड़ी व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया। पर्यटकों ने छावनी बाजार में राजमा, अखरोट, दालें व लाल चावल की खरीदारी की।
खासकर टाइगर फाल में झरने के नीचे स्नान करने के लिए पर्यटकों की काफी भीड़ उमड़ी।
स्थानीय व्यापारी पंकज जैन, राजेंद्र अरोड़ा, अरविंद कुकरेजा, अशोक कुमार गोयल, प्रताप चौहान, कमल रावत, दिनेश चांदना आदि ने बताया कि वीकेंड पर बढ़ी पर्यटकों की संख्या के कारण अच्छा कारोबार हुआ है।
होटल कारोबारी विवेक अग्रवाल, पीयूष जोशी, मुकेश तोमर, अंकित तोमर आदि ने बताया कि अधिकांश होटल पहले से ही बुक थे।
अचानक पहुंचे पर्यटकों को होटल, रिसार्ट और होमस्टे में कमरों की उपलब्धता में परेशानी का सामना करना पड़ा।

अखर रही पार्किंग की कमी
छावनी बाजार में पार्किंग की सुविधा की कमी अखर रही है। पर्यटकों को अपने वाहन इधर-उधर सड़कों के किनारे खड़े करने पड़ रहे हैं।
स्थानीय होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिगंबर सिंह चौहान, विक्रम पंवार, छावनी परिषद सदस्य अनिल चांदना, व्यापार मंडल अध्यक्ष केशव सिंह चौहान आदि ने सैलानियों से अपील की है कि वे पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखें और प्लास्टिक का उपयोग न करें, ताकि क्षेत्र की सुंदरता बरकरार रह सके।