Uttarakhand: अनछुआ पर्यटन स्थल देववन, चकराता में पर्यटकों को दे रहा है अलग अनुभव
उत्तराखंड के देहरादून जिले के चकराता में स्थित देववन एक अनछुआ पर्यटन स्थल है। यह पर्यटकों को एक अलग अनुभव प्रदान कर रहा है। देववन अपनी प्राकृतिक सुंदर ...और पढ़ें

चकराता क्षेत्र के पर्यटन स्थल देववन के मोहक नजारे। ग्रामीण
HighLights
चकराता में देववन एक अनछुआ पर्यटन स्थल है
देववन पर्यटकों को दे रहा है एक अलग अनुभव
प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण से भरपूर
राहुल चौहान, जागरण चकराता : जिस वन के नाम में ही देव है, उसकी कल्पना करने मात्र से ही आत्मिक शांति व सुकून मिलता है। हम बात कर रहे हैं चकराता स्थित देववन की, जिसे देवता का जंगल माना जाता है। इस वन में हर तरफ सुकून व आत्मिक शांति है।
स्थानीय लोग तो देववन के नैसर्गिक सौंदर्य से परिचित हैं, लेकिन अभी तक यह देखा गया है कि दूसरे राज्यों के कम ही पर्यटक यहां पहुंचते हैं। कहना गलत न होगा कि दूसरे राज्यों के पर्यटकों के लिए यह नया है। देववन में व्यास शिखर है, जहां से हिमालय की पर्वत मालाएं बड़ी खूबसूरत दिखती हैं।
देववन क्षेत्र एक आरक्षित वन क्षेत्र है। यह चकराता क्षेत्र के सबसे खूबसूरत स्थानों में से एक है। देववन समुद्र तल से 2200 मीटर से 3025 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।
व्यास शिखर देववन की सबसे ऊंची चोटी है। घने जंगलों से घिरा यह स्थान पक्षियों की विविध प्रजातियों से भरा पड़ा है। यहां देवदार के घने जंगल पक्षी प्रेमियों को आकर्षित करते हैं। सर्दी के मौसम में देववन में प्रवासी पक्षियों को भी देखा जा सकता है।
जंगल के बीच हरे-भरे घास के मैदान यानि बुग्याल अविस्मरणीय मनोरम नजारे पेश करते हैं। इसे जो भी देखता है, देखता ही रह जाता है। इस क्षेत्र में वनस्पतियों और जीवों की विविधता है। यहां सर्दी के मौसम में गजब की बर्फबारी होती है। जो लंबे समय तक रहती है। अगर आप सर्दियों के ठीक बाद देववन में जाएं तो आपको कुछ जमी हुई झीलें भी दिखाई देंगी।
खबरें और भी
देववन का व्यास शिखर
देववन स्थित वन विभाग के विश्रामगृह और घने देवदार के जंगल से होकर 15 मिनट पैदल चलने के बाद व्यास शिखर पहुंचा जा सकता है। व्यास शिखर वही स्थान माना जाता है, जहां ऋषि व्यास ने महाकाव्य 'महाभारत' की रचना की थी। अगर मौसम साफ हो तो व्यास शिखर से हिमालय की पर्वतमालाएं देखी जा सकती हैं।
देववन ऐसे पहुंचें
चकराता से देववन करीब 13 किमी दूर है। मसूरी-चकराता-त्यूणी राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा कर यहां पहुंचा जा सकता है। चकराता से टैक्सी किराये पर लेकर यहां आसानी से पहुंच सकते हैं। देववन पहुंचने के लिए निकटतम देहरादून रेलवे स्टेशन (100 किमी) और जौलीग्रांट हवाई अड्डा (125 किमी.) है।