विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चमोली टनल हादसा: सीएम धामी ने झारखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से की बात, राहत एवं बचाव का दिया भरोसा

Published: Fri, 14 Aug 2026 05:30 AM (IST)Updated: Fri, 14 Aug 2026 07:04 AM (IST)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के मायापुर स्थित टीएचडीसी टनल में फंसे श्रमिकों के संबंध में झारखंड और छत्तीसगढ़ ...और पढ़ें

सीएम धामी ने झारखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से की बात।

सीएम धामी ने झारखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से की बात।

HighLights

  1. सीएम धामी ने झारखंड, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से की बात।

  2. चमोली टनल में फंसे श्रमिकों के बचाव का दिया आश्वासन।

  3. अब तक 16 श्रमिकों को सुरक्षित निकाला गया, प्रयास जारी।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने की घटना के संबंध में झारखंड के मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से दूरभाष पर वार्ता की।

मुख्यमंत्री धामी ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को टनल में फंसे उनके राज्यों के श्रमिकों की स्थिति से अवगत कराया और बताया कि उत्तराखंड सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान संचालित किया है।

परिणामस्वरूप 16 श्रमिकों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है तथा शेष प्रभावित श्रमिकों के लिए भी सभी आवश्यक प्रयास निरंतर जारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेस्क्यू किए गए श्रमिकों के उपचार में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रखी जा रही है।

उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा आवश्यकता के अनुरूप विशेषज्ञ उपचार, दवाइयों, आवास, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी श्रमिक को उच्च चिकित्सा संस्थान में रैफर करने की आवश्यकता होगी तो उसके लिए भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने झारखंड एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड सरकार उनके राज्यों के प्रत्येक प्रभावित श्रमिक और उनके परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि दोनों राज्य सरकारों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए सभी आवश्यक सूचनाएं साझा की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है और राज्य सरकार का पूरा तंत्र प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षा, उपचार और सहायता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है।

यह भी पढ़ें- चमोली सुरंग हादसा: नौ की मौत... छह अभी भी लापता, दलदल और पानी होने से रुका रेस्क्यू ऑपरेशन