मुख्यमंत्री धामी ने कारगिल शहीदों को किया नमन, बोले- राष्ट्र वीर सैनिकों के बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर वीर सैनिकों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान आने वाली ...और पढ़ें

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
HighLights
मुख्यमंत्री धामी ने कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की
शहीदों का बलिदान राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा
सरकार सैनिक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है
राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र उनकी वीरता और बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।
उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के वीर सपूतों ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए, जिनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि देशहित को सर्वोपरि मानकर प्राणों का उत्सर्ग करने वाले शहीदों का सर्वोच्च बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
भारतीय सेना ने अपने अदम्य साहस, अनुशासन और शौर्य से देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए विश्व में भारत का गौरव बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। छोटा राज्य होने के बावजूद देश की सुरक्षा में प्रदेश का योगदान हमेशा उल्लेखनीय रहा है।
सैनिक परंपरा वाले उत्तराखंड में पीढ़ियों से लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य सेना में रहकर राष्ट्र सेवा कर रहा है। यही परंपरा प्रदेश की सबसे बड़ी धरोहर और गौरव है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं पर लगातार कार्य कर रही है।
सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सैनिक परिवारों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं से कारगिल के अमर शहीदों के आदर्शों और त्याग से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने युवाओं से देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का भी आह्वान किया।
यह भी पढ़ें- कारगिल विजय दिवस: सीएम धामी बोले- राष्ट्र सुरक्षा और सैनिकों का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
यह भी पढ़ें- सीएम धामी ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को दिखायी हरी झंडी, शहीदों को दी श्रद्धांजलि