कारगिल विजय दिवस: सीएम धामी बोले- राष्ट्र सुरक्षा और सैनिकों का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्र सुरक्षा और सैनिकों का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री आवास में शनिवार काे आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में पूर्व सैनिक को सम्मनित करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
HighLights
राष्ट्र सुरक्षा और सैनिकों का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
कारगिल बलिदानियों को श्रद्धांजलि, सैनिकों व परिवारों का सम्मान
सैनिकों के कल्याण हेतु सरकार के ठोस निर्णय जारी रहेंगे
राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्र सुरक्षा और सैनिकों का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य, अटूट संकल्प और सर्वोच्च बलिदान का अमर अध्याय है।
राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और बलिदानियों के परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए निरंतर ठोस निर्णय ले रही है और यह प्रतिबद्धता आगे भी जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री आवास में शनिवार काे आयोजित सैनिक सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कारगिल युद्ध के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और बलिदानियों के स्वजन को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के 75 वीर सपूतों ने कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसके कारण देवभूमि को वीरभूमि के रूप में भी विशेष पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना का आधुनिकीकरण तेजी से हुआ है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बलिदानियों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को बढ़ाया है तो वीरता पुरस्कार विजेताओं को दी जाने वाली सहायता राशि में भी वृद्धि की है।
बलिदानी सैनिकों के आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजन, आवेदन अवधि बढ़ाने, पुत्री विवाह सहायता, बसों में निश्शुल्क यात्रा और संपत्ति खरीद पर स्टांप शुल्क में छूट जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। गुनियाल गांव में निर्माणाधीन सैन्य धाम का निर्माण अंतिम चरण में है।
उन्होंने कहा कि सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए देश का पहला अग्निवीर रोजगार सेल स्थापित किया जा रहा है तथा उन्हें सरकारी भर्तियों, कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के शस्त्र लाइसेंस और सैन्य परिवारों से जुड़े भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण पर भी सरकार गंभीरता से काम कर रही है।
यह भी पढ़ें- सीएम धामी ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को दिखायी हरी झंडी, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
यह भी पढ़ें- देहरादून: सीएम धामी ने 'बेगमपुरा' के सपने को साकार करने का किया आह्वान