उत्तराखंड में व्यावसायिक LPG Gas आपूर्ति हुई दोगुनी, कारोबारियों को मिली राहत
उत्तराखंड में व्यावसायिक एलपीजी आपूर्ति संकट के बाद अब स्थिति में सुधार हुआ है। सरकार ने व्यावसायिक कनेक्शनों के लिए गैस सिलिंडर की दैनिक आपूर्ति दोगु ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड में एलपीजी आपूर्ति की व्यवस्था लगातार पटरी पर लौट रही है। हाल के दिनों में सामने आए संकट के बाद अब स्थिति में सुधार हुआ है।
विशेष रूप से व्यावसायिक कनेक्शनों की आपूर्ति को बढ़ाते हुए सरकार और संबंधित एजेंसियों ने राहत देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उधर, घरेलू आपूर्ति में भी सुधार दर्ज किया गया है।
प्रदेश में लगभग 61 हजार व्यावसायिक गैस कनेक्शन हैं, जिनमें होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैटरिंग सेवाएं और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं।
आपूर्ति संकट के दौरान व्यावसायिक गैस आपूर्ति को 20 प्रतिशत तक सीमित कर दिया गया था, जिससे रोजाना महज करीब 1500 कनेक्शनों को ही गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे थे। इसका सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ा और कई स्थानों पर संचालन प्रभावित हुआ।
अब स्थिति में सुधार को देखते हुए आपूर्ति को दोगुना कर दिया गया है। रविवार से प्रतिदिन 3000 व्यावसायिक कनेक्शनों तक गैस सिलिंडर पहुंचाए जा रहे हैं, जिससे बाजार व कारोबारियों को काफी राहत मिली है। आपूर्ति बढ़ने से होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय में भी सामान्य स्थिति लौटने लगी है।
खास बात यह है कि गैस आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए रविवार जैसे अवकाश के दिन भी प्लांट संचालन और परिवहन कार्य जारी रखा गया। गैस सिलिंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उप्र के लोनी स्थित प्लांट से अतिरिक्त आपूर्ति मंगाई गई।
अधिकारियों के अनुसार, मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए लगातार मानिटरिंग की जा रही है। यह प्रयास किया जा रहा है कि घरेलू उपभोक्ताओं की आपूर्ति पर कोई असर न पड़े और दोनों श्रेणियों के बीच संतुलन बना रहे।