Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देहरादून में राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर विवाद, कांग्रेस का आधी रात परेड ग्राउंड पर धरना

    Updated: Tue, 14 Jul 2026 11:55 PM (IST)

    देहरादून में राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल को लेकर कांग्रेस और प्रशासन के बीच विवाद गहरा गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परेड ग्राउंड में पुलिस की घेराब ...और पढ़ें

    परेड ग्राउंड पर पुलिस की घेराबंदी के बीच कांग्रेसी बैठे धरने पर।

    परेड ग्राउंड पर पुलिस की घेराबंदी के बीच कांग्रेसी बैठे धरने पर।

    HighLights

    1. राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल को लेकर कांग्रेस-प्रशासन में विवाद

    2. देहरादून के परेड ग्राउंड में आधी रात कांग्रेस का धरना

    3. पुलिस घेराबंदी के बीच नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना

    जागरण संवाददाता, देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन स्थल को लेकर कांग्रेस और प्रशासन के बीच चल रही खींचतान मंगलवार देर रात सड़क पर उतर आई।

    परेड ग्राउंड की बुकिंग का दावा करते हुए बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रात करीब 11 बजे राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एकत्र हुए और वहां से परेड मैदान की ओर कूच किया।

    कांग्रेसियों के पहुंचने से पहले ही बड़ी संख्या में पुलिस बल परेड ग्राउंड में तैनात कर दिया गया था और केंद्रीय मंत्रालय के कार्यक्रम स्थल की घेराबंदी कर दी गई थी।

    रात करीब सवा 11 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता परेड ग्राउंड पहुंचे। आयोजन स्थल की ओर बढ़ने पर पुलिस की घेराबंदी के बीच कांग्रेसी वहीं धरने पर बैठ गए।

    इसके बाद परेड मैदान के एक हिस्से में ही सभा शुरू हो गई और नेताओं ने प्रदेश सरकार व प्रशासन के विरुद्ध जमकर हमला बोला।

    देर रात तक चले इस घटनाक्रम के दौरान परेड ग्राउंड और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

    एक तरफ पहले से केंद्रीय मंत्रालय के ‘लोक संवर्धन पर्व’ का पंडाल लगा था तो दूसरी तरफ कांग्रेस 15 से 17 जुलाई तक तीन दिन के लिए मैदान की बुकिंग होने का दावा करते हुए आधी रात के बाद अपना पंडाल लगाने की तैयारी में थी।

    कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर पार्टी के नेता और कार्यकर्ता रात 11 बजे से राजीव भवन में जुटने लगे। इसके बाद सभी एक साथ परेड मैदान की ओर रवाना हुए।

    कांग्रेस नेताओं का कहना था कि पार्टी ने 15 से 17 जुलाई तक परेड ग्राउंड की बुकिंग कराई थी और इसी आधार पर रात 12 बजे के बाद कार्यक्रम की तैयारियां शुरू की जानी थीं।

    हालांकि, इससे पहले ही प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। परेड ग्राउंड में चल रहे कार्यक्रम के पंडाल और आयोजन स्थल के आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती कर घेराबंदी कर दी गई।

    दिग्गज नेताओं ने संभाला मोर्चा

    देर रात हुए प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के साथ नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और विधायक प्रीतम सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

    नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार राहुल गांधी के कार्यक्रम को प्रभावित करने के लिए प्रशासनिक तंत्र का इस्तेमाल कर रही है।

    कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पहले भी पार्टी के कार्यक्रमों में बाधा डालने का प्रयास किया गया और अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी जानबूझकर विवाद खड़ा किया गया है। उन्होंने इसे राजनीतिक दबाव में कार्यक्रम को निरस्त कराने का कथित षड्यंत्र बताया।

    बन्नू के लिए मान गए कांग्रेसी

    कांग्रेस ने सरकार का जमकर विरोध किया और परेड मैदान उपलब्ध न कराने पर आपत्ति भी जताई, लेकिन देर रात परेड मैदान में धरने के बाद कांग्रेसियों ने 17 जुलाई को राहुल गांधी का कार्यक्रम सनातन धर्म इंटर कालेज बन्नू रेसकोर्स में कराने के संकेत दिए।

    बुधवार को कुछ सांकेतिक विरोध प्रदर्शन करने के साथ ही कांग्रेस अब बन्नू स्कूल में कार्यक्रम की तैयारी करेगी।

    यह भी पढ़ें- राहुल गांधी की देहरादून में सभा: परेड ग्राउंड नहीं, प्रशासन ने सुझाया बन्नू स्कूल मैदान

    यह भी पढ़ें- हरियाणा कांग्रेस में कलह खत्म करने का प्रयास जारी, राहुल गांधी ने प्रभारी संजय दत्त को दिया फ्री हैंड

    खबरें और भी