विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 22, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा का आगाज

By BhanuEdited By:
Published: Tue, 22 Jan 2019 01:28 PM (IST)

केंद्र व राज्य में सत्तासीन भाजपा सरकार की विफलताओं के विरोध में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ जौनसार-बावर के सिद्धपीठ श्री महासू देवता मंदिर हनोल से हुआ।

केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा का आगाज
केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा का आगाज

देहरादून, जेएनएन। केंद्र व राज्य में सत्तासीन भाजपा सरकार की विफलताओं के विरोध में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ जौनसार-बावर के सिद्धपीठ श्री महासू देवता मंदिर हनोल से हुआ। यात्रा में नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश व पीसीसी अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। 

इस दौरान कांग्रेसी नेता भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने से देश के हालात खराब हो गए हैं। महंगाई और बेरोजगारी बढ़ने के साथ जनता में असुरक्षा का माहौल है। इसलिए देश हित में बदलाव जरूरी है। 

बहुत हुई जुमलों की मार, बदलो-बदलो मोदी सरकार नारे के साथ सिद्धपीठ श्री महासू देवता मंदिर हनोल से कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा का शुभांरभ हुआ। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश व पीसीसी अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हनोल से दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ नया बाजार त्यूणी के गुतियाखाटल पहुंची कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी। 

त्यूणी में जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। नेता प्रतिपक्ष व पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र में सत्तासीन भाजपा सरकार ने चुनाव के वक्त देश की जनता से कई बड़े वायदे किए थे। पांच साल का समय निकलने के बाद भी कुछ नहीं हुआ। जिससे देश की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। 

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने दो करोड़ नौजवानों को रोजगार दिलाने का वायदा किया था, लेकिन जनविरोधी नीतियों के चलते देश में बेरोजगारों की संख्या पहले से कई गुना ज्यादा बढ़ी है। केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार ने पूर्व में कांग्रेस सरकार द्वारा संचालित कई जनकल्याणकारी योजनाओं पर ब्रेक लगा दिया। 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को मिलने वाला चीनी कोटा बंद कर दिया और गरीबों को रियायत दर पर उपलब्ध होने वाले राशन कोटे में कटौती कर दी है। कांग्रेस के समय मनेरगा योजना में कार्य दिवस 45 दिन थे, जिसे भाजपा सरकार ने घटाकर 16 दिन कर दिया। रसोई गैस सिलेंडर की कीमत साढ़े चार सौ से बढ़कर एक हजार रुपए हो गई। पैट्रोल-डीजल व खाद्य पदार्थ की कीमतें आसमान छू रही है। 

नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा भाजपा सरकार ने राफेल विमान खरीद में घोटाला किया है। देश व राज्य में कानून व्यवस्था चौपट होने से जनता में असुरक्षा का माहौल है। सरकार की गलत नीतियों से किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। कहा कि परिवर्तन यात्रा के जरिए जनता को भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की विफलताओं व जनविरोधी नीतियों के बारे बताया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने जनता से देश हित में बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया। 

जनसभा में पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, वरिष्ठ नेता मातबर सिंह कंड़ारी व युवा कांग्रेस नेता अभिषेक सिंह भी भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। इस मौके पर अध्यक्ष जिलापंचायत चमन सिंह, कांग्रेस महामंत्री विजय सारस्वत, जिलाध्यक्ष संजय किशोर, मंडल अध्यक्ष सरदार सिंह तोमर, ज्येष्ठ उपप्रमुख खुशीराम, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एनडी पंवार, नेशनल शूटर पंकज चौहान आदि मौजूद रहे। 

युवा कांग्रेस ने बांटे पर्चे-पोस्टर

हनोल मंदिर से निकली कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा में युवा कांग्रेस नेता अभिषेक सिंह ने लोगों को भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की विफलताओं व जनविरोधी नीतियों के पर्चे-पोस्टर बांटे। इसमें भाजपा सरकार की नाकामी के बारे में उल्लेख किया गया है। कांग्रेसियों ने परिवर्तन यात्रा के पर्चे-पोस्टर बांटकर जनता से लोकसभा चुनाव में बदलाव की अपील की है। 

कई लोग हुए कांग्रेस में शामिल

कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के त्यूणी पहुंचने पर चिल्हाड़ समेत आसपास क्षेत्र के कई लोगों ने पीसीसी अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष की मौजदूगी में कांग्रेस की सदस्यता ली। कांग्रेस नेताओं ने कहा इस बार के लोकसभा चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ होगा।

यह भी पढ़ें: देहरादून पहुंचने पर युकां की क्रांति यात्रा का होगा भव्य स्वागत 

यह भी पढ़ें: अमित शाह के आगमन से पहले दो बैठकें कर होमवर्क करेगी भाजपा

यह भी पढ़ें: कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर पार्टी दिग्गजों के बीच खींचतान का साया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।