पीएम मोदी के दौरे पर देहरादून के ये टोल प्लाजा रहेंगे फ्री, फास्टैग से भी नहीं कटेगा शुल्क; डीएम का आदेश
मंगलवार को सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक सभी वाहन बिना शुल्क गुजर सकेंगे। यह निर्णय देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण और जसवंत ग्राउंड में जनसभा के ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल के प्रस्तावित देहरादून दौरे के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए लच्छीवाला टोल प्लाजा और आशारोड़ी बैरियर को पूरे दिन टोल मुक्त रखने के आदेश जारी किए हैं। मंगलवार को सुबह पांच बजे से शाम आठ बजे तक यहां से गुजरने वाले सभी छोटे-बड़े वाहन बिना किसी शुल्क के गुजर सकेंगे। फास्टैग से भी कोई राशि नहीं काटी जाएगी।
लच्छीवाला टोल प्लाजा और आशारोड़ी बैरियर सुबह पांच से शाम आठ बजे तक खुले रहेंगे
जिलाधिकारी सविन बंसल ने शहर में जाम की आशंका को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की है। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण व जसवंत ग्राउंड (महिंद्रा ग्राउंड) में प्रस्तावित जनसभा के कारण बड़ी संख्या में वाहनों के देहरादून पहुंचने की संभावना है। सीमावर्ती क्षेत्रों और पर्वतीय जिलों से बसों व निजी वाहनों की आवाजाही बढ़ने का अनुमान है।
डीएम ने आदेश जारी किए
जिलाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि टोल प्लाजा पर वाहनों की कतार न लगे, इसलिए निर्धारित अवधि में दोनों प्रवेश बिंदुओं को पूरी तरह खुला रखा जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इससे शहर के भीतर यातायात दबाव कम होगा और मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति नियंत्रित रहेगी।
यह रहेगा प्रधानमंत्री का रूट
प्रधानमंत्री का काफिला डाट काली मंदिर से निकलकर आशारोड़ी आरटीओ चेकपोस्ट, चंद्रबनी चौक, ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा, आइएसबीटी फ्लाईओवर, शिमला बाइपास चौक, निरंजनपुर मंडी तिराहा, कमला पैलेस तिराहा, बल्लीवाला फ्लाईओवर, बल्लूपुर चौक, कौलागढ़ चौक, आरआइएमसी गेट, जीटीसी गेट और आकाशगंगा तिराहे से होकर जसवंत ग्राउंड पहुंचेगा।
खबरें और भी
जसवंत ग्राउंड के आसपास मेगा पार्किंग
कार्यक्रम में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने लगभग 2000 कार, 450 बस और 2000 दुपहिया वाहनों के लिए पार्किंग तैयार की है। महिंद्रा ग्राउंड, स्व. हरबंस कपूर कम्यूनिटी हॉल, 5 जीआर ग्राउंड, आरटी ग्राउंड, गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज ग्राउंड, चांदमारी ग्राउंड, ओएनजीसी हैलीपेड और हिमालयन संस्कृति केंद्र नींबूवाला को पार्किंग स्थल बनाया गया है।