देहरादून में इंटरनेट पर हुई पहचान बनी जानलेवा, 20 साल के लड़के ने फाइनेंस कारोबारी को मारा चाकू
देहरादून के देहराखास में एक फाइनेंस कारोबारी दीपक गुप्ता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

पुलिस ने आरोपित छात्र को मौके से किया गिरफ्तार। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र स्थित देहराखास में बुधवार शाम एक हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इंटरनेट के माध्यम से हुई पहचान के बाद घर पहुंचे 20 वर्षीय बीकाम के छात्र ने 48 वर्षीय फाइनेंस कारोबारी दीपक गुप्ता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अंकित कंडारी के अनुसार बुधवार शाम मीनाक्षी कोतवाली पटेलनगर पहुंची और बताया कि एक युवक ने उनके भाई दीपक गुप्ता पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मकान के भूतल पर बने एक कमरे में दीपक गुप्ता खून से लथपथ मृत अवस्था में निर्वस्त्र पड़े मिले। उनके गर्दन के पिछले हिस्से पर धारदार हथियार से किए गहरे घाव थे।
घटनास्थल से पुलिस ने आरोपित रोहन प्रजापति (20) निवासी माजरा पटेलनगर को हिरासत में लिया। मृतक के भाई राकेश गुप्ता की तहरीर पर कोतवाली पटेलनगर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस हत्या के पीछे विवाद की वास्तविक वजह व दोनों के बीच संबंधों की गहन जांच कर रही है।
इंटरनेट पर हुई थी जान-पहचान
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह एक निजी शिक्षण संस्थान में बीकाम द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसकी पहचान इंटरनेट के माध्यम से दीपक गुप्ता से हुई थी। आरोपित के अनुसार, दीपक ने ही उसे अपने घर बुलाया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया, जिसके बाद कमरे में पड़े चाकू से उसने दीपक पर हमला कर दिया।
खबरें और भी
लखनऊ के मूल निवासी थे मृतक
पुलिस जांच में सामने आया कि दीपक गुप्ता मूल रूप से लखनऊ के निवासी थे और वर्ष 2004 से अपने भाई-बहनों के साथ देहरादून में रह रहे थे। लगभग सात-आठ वर्ष पहले उनका पत्नी से तलाक हो चुका था। इसके बाद से वह देहराखास में अपने भाई और उसके परिवार के साथ रह रहे थे।