देहरादून होमस्टे में महिला की मौत, बीएसएफ जवान बेसुध मिला, पत्नी को भेजी थी लोकेशन और जहर खाने की बात
देहरादून के मियांवाला चौक स्थित एक होमस्टे में 40 वर्षीय महिला मृत मिली, जबकि उसके साथ ठहरा बीएसएफ जवान परमेंद्र नेगी बेसुध पाया गया। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
देहरादून होमस्टे में महिला मृत, बीएसएफ जवान बेसुध मिला।
जवान ने पत्नी को प्रेमिका की हत्या और जहर खाने की बात बताई।
मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, देहरादून। मियांवाला चौक के पास एक होमस्टे के कमरे में 40 वर्षीय महिला मृत मिली, जबकि उसके साथ ठहरा बीएसएफ जवान बेसुध अवस्था में मिला।
पुलिस के अनुसार, बीएसएफ जवान ने अपनी पत्नी को लोकेशन भेजकर फोन पर बताया था कि उसका एक अन्य महिला के साथ प्रेम प्रसंग था और उसने महिला को मारने के बाद स्वयं भी जहर खा लिया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेसुध व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मृतका के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को एक महिला क्लेमेनटाउन थाने पहुंची और बताया कि उसके पति परमेंद्र नेगी ने उसे अपनी लोकेशन भेजी है। फोन पर उसने बताया कि उसका पिछले कुछ समय से एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे उसने मार दिया है और स्वयं भी जहर खा लिया है।
पुलिस ने महिला की ओर से दी गई लोकेशन की जांच की तो वह माल आफ देहरादून से आगे मियांवाला चौक स्थित एक होमस्टे की निकली। क्लेमेनटाउन पुलिस ने तत्काल हर्रावाला चौकी को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने होमस्टे की तलाशी ली तो एक कमरे में परमेंद्र नेगी बेसुध अवस्था में मिला, जबकि वहां एक महिला मृत पड़ी थी। पुलिसकर्मियों ने परमेंद्र को 108 एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृत महिला की पहचान 40 वर्षीय आरती निवासी गूलरघाटी नकरौंदा के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि 38 वर्षीय परमेंद्र नेगी बीएसएफ में तैनात है और वर्तमान में छुट्टी पर घर आया हुआ था। पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले दो दिनों से उक्त होमस्टे में ठहरे हुए थे।
खबरें और भी
मृतका के पति ने जहर देकर हत्या का लगाया आरोप
घटना के बाद आरती के पति पंकज सिंह ने डोईवाला कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी और परमेंद्र के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध थे, जिसकी जानकारी परमेंद्र के परिवार को भी थी। आरोप है कि इसी विवाद के चलते परमेंद्र ने आरती को जहर देकर उसकी हत्या कर दी और बाद में स्वयं भी जहर खा लिया।
आरोपित की हालत के कारण अभी नहीं हो सकी पूछताछ
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने के साथ साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, परमेंद्र नेगी की हालत फिलहाल ऐसी नहीं है कि उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा सके। उसके स्वस्थ होने और पूछताछ के बाद ही घटनाक्रम व इसके पीछे के वास्तविक कारणों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।