देहरादून के मंदाकिनी विहार में 7 मीटर चौड़ा बनेगा नया पुल, 78 लाख की लागत से होगा नवनिर्माण
देहरादून के मंदाकिनी विहार में क्षतिग्रस्त पुल की जगह अब 78 लाख रुपये की लागत से 7 मीटर चौड़ा नया ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मंदाकिनी विहार में क्षतिग्रस्त पुल की जगह नया पुल।
78 लाख रुपये की लागत से 7 मीटर चौड़ा निर्माण।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दिए डीपीआर के निर्देश।
जागरण संवाददाता, देहरादून। चिड़ोंवाली के मंदाकिनी विहार में क्षतिग्रस्त पुल की जगह अब नया पुल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर पुल की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर नये पुल की डीपीआर शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। लोनिवि ने पुल के निर्माण के लिए करीब 78 लाख रुपये की डीपीआर तैयार कर ली है, जिसे अब स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जा रहा है।
मंदाकिनी विहार का यह पुल वर्षों पहले किसी अन्य विभाग की ओर से बनाया गया था। वर्तमान में पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा ध्वस्त होने से आवागमन प्रभावित होने के साथ हादसे का खतरा बना हुआ है। मंत्री ने धंसाव वाले हिस्से में तत्काल भरान कराने के निर्देश दिए, ताकि फिलहाल आवागमन में परेशानी न हो।
साथ ही क्षतिग्रस्त स्थान पर तत्काल बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को बरसात के कारण क्षतिग्रस्त पुल और आसपास के क्षेत्र में आवश्यक मरम्मत व सुरक्षा कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता भृगु द्विवेदी के अनुसार डीपीआर में पुल की लंबाई 15 मीटर और चौड़ाई 07 मीटर होगी। करीब 78 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित पुल के निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। मंत्री जोशी ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता सुरेंद्र राणा, मंजू, कुलदीप रावत, विजय ध्यानी, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह समेत विभिन्न क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- फिटनेस खत्म, रुड़की में चालान... फिर भी 300 KM चलकर ऋषिकेश पहुंची अनफिट बस, दो भाइयों की ली जान
