फिटनेस खत्म, रुड़की में चालान... फिर भी 300 KM चलकर ऋषिकेश पहुंची अनफिट बस, दो भाइयों की ली जान
मुनिकीरेती में एक अनफिट बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जिससे सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ऋषिकेश में यही बस हुई थी दुर्घटनाग्रस्त
HighLights
बस की फिटनेस 20 अगस्त को समाप्त हो चुकी थी।
रुड़की में चालान के बावजूद बस को आगे जाने दिया।
मुनिकीरेती में अनफिट बस से दो चचेरे भाइयों की मौत।
गौरव ममगाईं, ऋषिकेश। मुनिकीरेती क्षेत्र में शुक्रवार की रात यात्री बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो चचेरे भाइयों की मौत ने सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारों की उदासीनता की पोल खोल दी है। जांच के बाद यह बात सामने आई है कि फिटनेस खत्म होने के बाद भी यह बस तीन राज्यों की सीमा को पार करते हुए करीब 300 किमी का सफर तय कर ऋषिकेश के पास मुनिकीरेती क्षेत्र में पहुंच गई।
बस की फिटनेस 20 अगस्त को समाप्त हो गई थी। चौकाने वाला तथ्य यह भी है कि परमिट खत्म होने पर रुड़की में पांच हजार का चालान करने के बाद भी इस बस को ऋषिकेश के लिए जाने दिया गया।
ऋषिकेश की यात्रा पर दिल्ली से आए 60 यात्रियों की बस मुनिकीरेती क्षेत्र में भद्रकाली के पास अनियंत्रित होकर पलट गई थी। चपेट में आने से स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई थी, जबकि बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए थे। शनिवार को परिवहन विभाग ने बस के दस्तावेजों की जांच की तो फिटनेस न होने का मामला सामने आया।
झुंझुनू राजस्थान में पंजीकृत आरजे 18-पीबी 1409 नंबर की बस दिल्ली से चली थी। इसने उत्तर प्रदेश की सीमा को पार कर उत्तराखंड में प्रवेश किया था। उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के रुड़की, हरिद्वार नगर और देहरादून जिले ऋषिकेश को पार कर मुनिकीरेती क्षेत्र में पहुंची।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड की नई सहकारिता नीति युवाओं के लिए खोलेगी रोजगार और उद्यमिता के द्वार, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन
जिम्मेदारों की जवाबदेही पर सवाल
इससे राष्ट्रीय राजमार्ग व आंतरिक मार्गों पर मुस्तैद रहने का दावा करने वाले परिवहन विभाग का चेकिंग अभियान सवालों के घेरे में है। बाहरी राज्यों के यात्री वाहनों के दस्तावेजों की जांच न करना भी गंभीर लापरवाही का दर्शता है। दूसरे राज्यों से अनफिट वाहनों को प्रवेश देने और कई जिलों में बेरोक-टोक दौड़ाने पर परिवहन विभाग और पुलिस की भूमिका पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।
दुर्घटनाग्रस्त बस के दस्तावेजों की जांच करने पर बस की फिटनेस 20 अगस्त को समाप्त पाई गई है। बस अनियंत्रित होने का कारण ब्रेक फेल होना हो सकता है। हालांकि तकनीकी जांच की जा रही है। जांच में पता चला है कि दुर्घटनाग्रस्त बस का शुक्रवार सुबह रुड़की में चालान किया गया था।
रश्मि पंत, एआरटीओ प्रवर्तन ऋषिकेश
