Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देहरादून-मसूरी मार्ग पर फिर धंसी सड़क, कुठालगेट के पास 10 मीटर हिस्सा बैठा, मौके पर डंटी PWD की टीम

    Updated: Tue, 11 Aug 2026 03:45 PM (IST)

    देहरादून-मसूरी मार्ग पर कुठालगेट के पास मंगलवार को सड़क का करीब 10 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे मार्ग की कमजोर स्थिति फिर उजागर हुई। लोक निर्माण विभाग म ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. कुठालगेट के पास देहरादून-मसूरी मार्ग का 10 मीटर हिस्सा धंसा।

    2. बारिश के बीच सड़क धंसने का सिलसिला जारी, चिंता बढ़ी।

    3. लोक निर्माण विभाग कर रहा आकलन, यातायात अभी सामान्य।

    जागरण संवाददाता, देहरादून। देहरादून-मसूरी मार्ग पर बारिश के बीच सड़क धंसने का सिलसिला थम नहीं रहा है। मंगलवार दोपहर कुठालगेट के पास सड़क का एक किनारा करीब 10 मीटर लंबाई में धंस गया। सड़क का हिस्सा बैठने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग के अभियंता मौके पर पहुंचे और धंसाव का आकलन शुरू किया। फिलहाल मार्ग पर यातायात चल रहा है, लेकिन सड़क के और हिस्से के प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

    एक के बाद एक सामने आ रही सड़क की कमजोर कड़ियां

    कुठालगेट का ताजा धंसाव ऐसे समय सामने आया है, जब देहरादून-मसूरी मार्ग पर वर्षा से सड़क की स्थिति पहले ही कई जगह चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। इससे पहले 20 जुलाई 2026 को कोल्हूखेत के पास पानीवाला बैंड क्षेत्र में सड़क का एक हिस्सा धंस गया था और सड़क पर बड़ी दरारें पड़ गई थीं। स्थिति गंभीर होने पर प्रशासन ने मार्ग बंद कर दिया था। अगले दिन हल्के वाहनों के लिए मार्ग खोला गया, लेकिन क्षतिग्रस्त हिस्से के कारण यातायात एकतरफा चलने से जाम की स्थिति बनी रही।

    इसके बाद 22 जुलाई को पानीवाला बैंड के पास पहाड़ी से भारी मलबा और पेड़ सड़क पर आ गिरा था। सुबह करीब 6:30 बजे हुई इस घटना के बाद दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई थी। लोक निर्माण विभाग की टीम ने दो जेसीबी लगाकर करीब डेढ़ से दो घंटे में मलबा हटाया और यातायात बहाल कराया था।

    पानीवाला बैंड पहले भी दे चुका है खतरे के संकेत

    पानीवाला बैंड का यह हिस्सा पिछले साल भी बारिश के दौरान प्रभावित हुआ था। 15 सितंबर 2025 को मूसलाधार बारिश के बीच पानीवाला बैंड के पास भूस्खलन हुआ था, जिससे कई वाहन फंस गए थे।

    सितंबर 2025 की भारी बारिश में देहरादून-मसूरी मार्ग को भी गंभीर नुकसान पहुंचा था। 16 सितंबर 2025 की स्थिति में मार्ग के कई हिस्से प्रभावित हुए थे और भारी बारिश व भूस्खलन के कारण मसूरी से देहरादून की प्रमुख संपर्क सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई थी।

    खबरें और भी

    कुठालगेट पर मंगलवार का नया धंसाव इस मार्ग की लगातार कमजोर होती स्थिति की ओर इशारा कर रहा है। एक तरफ पानीवाला बैंड और कोल्हूखेत में सड़क धंस चुकी है, दूसरी तरफ इसी क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा आने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। ऐसे में मार्ग के अन्य संवेदनशील हिस्सों की भी तकनीकी जांच जरूरी हो जाती है।

    फिलहाल कुठालगेट पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है और लोक निर्माण विभाग के अभियंता धंसे हिस्से की स्थिति का आकलन कर रहे हैं। अब निगाह इस बात पर है कि करीब 10 मीटर धंसे सड़क किनारे की वास्तविक वजह क्या सामने आती है और विभाग इसे स्थायी रूप से सुरक्षित करने के लिए क्या कदम उठाता है।

    मसूरी रोड पर धंसाव/भूस्खलन की घटनाएं

    20 जुलाई 2026: पानीवाला बैंड के पास सड़क का हिस्सा धंसा और दरारें पड़ीं।

    22 जुलाई 2026: पानीवाला बैंड के पास पहाड़ी से मलबा और पेड़ सड़क पर आया।