देहरादून की सड़कों पर बढ़ेगी मुश्किल, कांवड़ ड्यूटी ने बढ़ाई ट्रैफिक की चिंता
कांवड़ यात्रा के कारण देहरादून में यातायात व्यवस्था बिगड़ने की आशंका है, क्योंकि बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी यात्रा मार्गों पर ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
कांवड़ यात्रा के कारण देहरादून में यातायात बिगड़ने की आशंका।
पुलिस बल की कमी से शहर के जाम और होंगे गंभीर।
प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक प्रबंधन चुनौती बनेगा, लोगों को दिक्कत।
जागरण संवाददाता, देहरादून। कांवड़ यात्रा अपने चरम पर पहुंचने के साथ ही राजधानी देहरादून में यातायात व्यवस्था एक बार फिर चरमरा सकती है। जनपद से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी हरिद्वार, ऋषिकेश और कांवड़ मार्गों पर लगाए जाने से शहर के भीतर यातायात प्रबंधन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में रोजमर्रा के समय पर लगने वाले जाम के और अधिक गंभीर होने की संभावना जताई जा रही है।
दून शहर पहले से ही बढ़ते वाहनों, संकरी सड़कों और प्रमुख चौराहों पर भारी ट्रैफिक की समस्या से जूझ रहा है। कार्यालय खुलने और बंद होने के समय राजपुर रोड, घंटाघर, प्रिंस चौक, आईएसबीटी, बल्लूपुर चौक, सहारनपुर रोड, चकराता रोड, प्रेमनगर और रायपुर रोड पर लंबा जाम आम बात है। अब कांवड़ ड्यूटी के कारण शहर में उपलब्ध पुलिस बल कम होने से यातायात संचालन और चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, पीएसी और अन्य सुरक्षा बलों को कांवड़ मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। इससे शहर के कई चौराहों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम पुलिसकर्मी उपलब्ध रहेंगे।
यदि प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ा तो उसका असर पूरे शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ेगा। स्कूल, कालेज और कार्यालय खुलने के समय लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलना पड़ सकता है। बारिश की स्थिति में समस्या और भी गंभीर हो सकती है, क्योंकि जलभराव और धीमी रफ्तार से वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
यह भी पढ़ें- देहरादून: मतदाताओं को अब 15 दिनों में मिलेगा वोटर पहचान पत्र, मोबाइल पर मिलेगी हर अपडेट
यहां लगाई गई है पुलिसकर्मियों की ड्यूटी
महादेव चौक, पांवटा साहिब, धर्मावाला चौक, सिंघनीवाला चौक, सेंट ज्यूड्स चौक, शिमला बाइपास चौक, आशारोड़ी चौक, आइएसबीटी, कारगी चौक, कुठालगेट, भानियावाला अंडरपास, नेपाली तिराहा और नटराज चौक पर सुबह आठ से शाम आठ बजे तक दो पालियों में 24 अपर उपनिरीक्षक व 96 कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है।
