देहरादून: मतदाताओं को अब 15 दिनों में मिलेगा वोटर पहचान पत्र, मोबाइल पर मिलेगी हर अपडेट
देहरादून में मतदाताओं को अब मतदाता सूची के प्रकाशन के 15 दिनों के भीतर वोटर पहचान पत्र मिल जाएगा। आवेदन संबंधी सभी अपडेट्स मोबाइल पर प्राप्त होंगी, सा ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मतदाता सूची के 15 दिन में मिलेगा वोटर पहचान पत्र।
आवेदन संबंधी सभी अपडेट मोबाइल पर प्राप्त होंगी।
चुनाव आयोग ने पारदर्शिता हेतु कई सुधार लागू किए।
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। मतदाताओं को मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद पहचान पत्र के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्हें मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 15 दिनों के भीतर मतदाता पहचान पत्र मिल जाएगा। इसके लिए विस्तृत एसओपी जारी की जा चुकी है। विशेष यह कि आवेदन के पश्चात मतदाता पहचान पत्र जारी करने संबंधी सूचना आवेदक को समय-समय पर उसके दिए गए मोबाइल नंबर पर प्राप्त हो सकेगी।
राज्य में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उठाए गए सुधारात्मक कदमों को लागू करने की दिशा में आगे कदम बढ़ा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा, मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने, राजनीतिक दलों के साथ समन्वय स्थापित करने, कर्मचारियों में कौशल विकास, चुनाव प्रक्रियाओं में नई तकनीक का प्रयाेग जैसे कदम उठाए हैं।
प्रत्याशियों के रंगीन फोटो की व्यवस्था
प्रदेश में इस बार होने वाले विधानसभा चुनावों में मतदाता ईवीएम पर वोट देते समय प्रत्याशियों की सुस्पष्ट रंगीन फोटो भी देख सकेंगे। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव को पारदर्शी तरीके से कराने के लिए उठाए गए 40 सुधारों में इसे भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य यह कि मतदाता देख, समझ और पहचान कर अपने मनपसंद प्रत्याशी को वोट दे सकें।
मोबाइल डिपोजिट सुविधा
आयोग ने इस वर्ष मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं की सुविधा के दृष्टिगत उनके मोबाइल को सुरक्षित जमा करने की सुविधा देने का भी निर्णय लिया है। इसके लिए मतदान केंद्रों के निकट मोबाइल डिपाेजिट फैसेलिटी उपलब्ध कराई जाएगी।
खबरें और भी
दिया जा रहा प्रशिक्षण
आयोग ने इस बार कर्मचारियों के साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, पुलिस, मीडिया कर्मियों व अधिकारियों के लिए भी प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जा चुके हैं।
सात दलों ने किया पंजीकरण के लिए आवेदन
प्रदेश में चुनाव के दृष्टिगत राजनीतिक दल भी सक्रिय हो गए हैं। इस कड़ी में सात नए राजनीतिक दलों ने गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल की श्रेणी में पंजीकरण के लिए आवेदन किया है। यद्यपि, आयोग ने पंजीकरण से पहले इनका नाम नहीं खोला है।